-
☰
उत्तर प्रदेश: महर्षि वाल्मीकि जयंती पर रामायण पाठ और भजनों से गूंजेंगे मंदिर
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार, 26 अक्टूबर को जनपद सोनभद्र के विभिन्न मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जनपद का मुख्य कार्यक्रम रॉबर्ट्सगंज
विस्तार
उत्तर प्रदेश: महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार, 26 अक्टूबर को जनपद सोनभद्र के विभिन्न मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जनपद का मुख्य कार्यक्रम रॉबर्ट्सगंज स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में आयोजित होगा। कार्यक्रमों के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि की रचनाओं और रामायण में निहित आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। पर्यटन अधिकारी राजेश भारती ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महर्षि वाल्मीकि जयंती को भव्य रूप से मनाने की तैयारी की गई है। इसका उद्देश्य रामायण में वर्णित मानवीय मूल्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय आदर्शों का प्रचार-प्रसार करना तथा लोगों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि जयंती के अवसर पर महर्षि वाल्मीकि से संबंधित स्थलों एवं मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन, दीपदान, रामायण पाठ, भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजनों को सफल बनाने के लिए संबंधित स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, ध्वनि और प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। महर्षि वाल्मीकि को रामायण के रचयिता के रूप में जाना जाता है। उनकी रचना में मर्यादा, कर्तव्य, त्याग, करुणा और आदर्श जीवन के संदेश समाहित हैं। जयंती के अवसर पर आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए इन आदर्शों को समाज तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने पर जोर दिया जाएगा।