-
☰
गुजरात: खुले मैदान में चल रहे जुए के अड्डे पर छापा, 14 जुआरी हुए गिरफ्तार, ₹12.71 लाख रूपए हुए जब्त
- Photo by : social media
विस्तार
गुजरात: गुजरात के वडोदरा जिले के शिनोर तालुका स्थित साधली गांव में स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी), गांधीनगर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खुले मैदान में संचालित जुए के अड्डे पर छापा मारा। इस कार्रवाई में पुलिस ने 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने नकदी, मोबाइल फोन और वाहनों समेत कुल ₹12.71 लाख की संपत्ति जब्त कर ली है। मामले की आगे की जांच शिनोर पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस के अनुसार, स्टेट मॉनिटरिंग सेल के पुलिस निरीक्षक एम.एस. त्रिवेदी के मार्गदर्शन में प्राप्त विशेष सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। टीम ने शिनोर तालुका के साधली-कायावरोहन रोड पर लस्सी फार्म के सामने रेलवे ट्रैक के पास स्थित एक खुले स्थान पर छापेमारी की, जहां कई लोग खुलेआम जुआ खेल रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से ₹2.40 लाख नकद, ₹81 हजार मूल्य के 16 मोबाइल फोन, ₹50 हजार कीमत का एक दोपहिया वाहन तथा लगभग ₹9 लाख मूल्य के दो चारपहिया वाहन बरामद किए। जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य ₹12.71 लाख आंका गया है। कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आरिफ सिंधी, सोहेल मिर्जा, अजय माची, हसन सिंधी, प्रवीणचंद्र राणा, जहीर शेख, हार्दिक पटेल, राजेश जानी, अजय वसावा, चंद्रेश तड़वी, फारूक मेमन, सब्बीर पठान, अशोक जोतांगिया और समीर सिंधी शामिल हैं। वहीं असलम मंसूरी और अय्यूब पठान मौके से फरार हो गए, जिन्हें पुलिस ने वांछित घोषित कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। स्टेट मॉनिटरिंग सेल ने इस मामले में गुजरात जुआ अधिनियम की धारा-12 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों, जब्त सामान और संबंधित दस्तावेजों को आगे की कानूनी कार्रवाई एवं विस्तृत जांच के लिए शिनोर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ राज्यभर में अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
उत्तर प्रदेश: गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धा का उमड़ा सैलाब, हवन-पूजन और भंडारे में जुटे सैकड़ों श्रद्धालु
बिहार: 15 साल पुराने मुआवजा मामले पर डीएम हुए सख्त, किसानों को जल्द भुगतान का दिया भरोसा
दिल्ली: जंतर-मंतर पर वॉइस ऑफ मीडिया का अनशन खत्म, पत्रकारों की मांगों पर सरकार ने दिया आश्वासन
उत्तर प्रदेश: दादरी परिवर्तन यात्रा ने पूरे किए 165 गांव, जगह-जगह मिला जनसमर्थन