-
☰
हरियाणा: GJUST में नए विद्यार्थियों के लिए आयोजित हुआ इंडक्शन कार्यक्रम, कुलपति ने युवाओं को दिया रोजगार सृजक बनने का संदेश
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हिसार गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJUST), हिसार के हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस (HSB) द्वारा इंटीग्रेटेड बीबीए-एमबीए बैच 2026 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए तीन दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के सीआरएस सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, करियर के अवसरों और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, समय की पाबंदी और नेतृत्व क्षमता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने की सोच तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि ऐसा कौशल विकसित करना चाहिए जिससे वे स्वयं रोजगार सृजक बन सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का उपयोग नवाचार और ज्ञानवर्धन के लिए करने की अपील की, साथ ही इसके अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह भी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस के निदेशक प्रो. संजीव कुमार ने की। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि सफलता उसी व्यक्ति को मिलती है, जिसके भीतर अपने लक्ष्य को हासिल करने का जुनून होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर चुनने तथा अपने पैशन को ही भविष्य का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर डीन प्रो. विनोद कुमार बिश्नोई भी उपस्थित रहे। इंडक्शन कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल ने विद्यार्थियों को रोजगार और करियर निर्माण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इसके अलावा पुस्तकालय, एनसीसी, एनएसएस, रेडक्रॉस, खेल गतिविधियों, छात्र क्लबों, स्वयं (SWAYAM) पोर्टल तथा विश्वविद्यालय की प्रशासनिक प्रक्रियाओं से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया, ताकि वे अपने शैक्षणिक जीवन की बेहतर शुरुआत कर सकें। अपने संबोधन में कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल पढ़ाई और परीक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने, उसे निखारने और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाने का मंच भी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. मणीश्रेष्ठ और डॉ. संगीता मित्तल ने किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया कि यह इंडक्शन कार्यक्रम नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के माहौल में सहजता से ढलने और अपने शैक्षणिक व व्यावसायिक भविष्य को मजबूत आधार देने में सहायक सिद्ध होगा।
उत्तर प्रदेश: गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धा का उमड़ा सैलाब, हवन-पूजन और भंडारे में जुटे सैकड़ों श्रद्धालु
बिहार: 15 साल पुराने मुआवजा मामले पर डीएम हुए सख्त, किसानों को जल्द भुगतान का दिया भरोसा
दिल्ली: जंतर-मंतर पर वॉइस ऑफ मीडिया का अनशन खत्म, पत्रकारों की मांगों पर सरकार ने दिया आश्वासन
उत्तर प्रदेश: दादरी परिवर्तन यात्रा ने पूरे किए 165 गांव, जगह-जगह मिला जनसमर्थन