-
☰
हरियाणा: अंबाला पुलिस ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचाव के लिए किया जागरूक
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत अंबाला पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने पुलिस लाइन बलदेव नगर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
विस्तार
हरियाणा: राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत अंबाला पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने पुलिस लाइन बलदेव नगर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। अक्टूबर में चलाए जा रहे इस अभियान की थीम ‘रुकें, सोचें और कार्रवाई करें’ रखी गई है। कार्यक्रम के दौरान साइबर विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी, यूपीआई और बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, फिशिंग लिंक तथा ओटीपी और केवाईसी के नाम पर होने वाले फ्रॉड के बारे में समझाया। विद्यार्थियों को बताया गया कि साइबर ठग कई बार पुलिस या सरकारी अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करते हैं और लोगों को डराकर पैसे ऐंठने का प्रयास करते हैं। इसके अलावा क्यूआर कोड के जरिए होने वाली धोखाधड़ी और संदिग्ध एपीके फाइल डाउनलोड करने से होने वाले नुकसान के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने अभियान के संदेश को समझाते हुए कहा कि किसी भी अनजान कॉल, मैसेज, लिंक या भुगतान संबंधी अनुरोध पर जल्दबाजी में निर्णय नहीं लेना चाहिए। पहले उसकी सत्यता की जांच करनी चाहिए और संदिग्ध गतिविधि मिलने पर उचित कदम उठाना चाहिए। अंबाला पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे अपने पासवर्ड, बैंकिंग संबंधी जानकारी और ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या आधिकारिक वेबसाइट [www.cybercrime.gov.in](http://www.cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने कहा कि जागरूकता और सतर्कता से साइबर अपराधों से बचाव किया जा सकता है।