-
☰
हरियाणा: हांसी के समाधान शिविर में पहुंचीं अवैध खनन और पीपीपी से जुड़ी शिकायतें, अधिकारियों को दिए निर्देश
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हांसी उपायुक्त राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में सोमवार को हांसी के लघु सचिवालय में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता नायब तहसीलदार सुरेश कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय में समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय और नाम संबंधी त्रुटियों को ठीक करवाने की शिकायतें सामने आईं। जुगलान निवासी प्रीतम ने पीपीपी में अपनी आय ठीक करवाने, राजपुरा निवासी विनोद कुमार ने अपनी बेटी वंशिका का नाम जुड़वाने और बास अकबरपुर निवासी अंजू देवी ने जन्मतिथि में सुधार करवाने की मांग रखी। वहीं, मिर्चपुर निवासी रामानंद ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में अवैध खनन और हरे पेड़ों की कटाई का मुद्दा उठाते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हुड्डा कॉलोनी निवासी वेदप्रकाश मोर ने सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत करवाने, जबकि खांडा खेड़ी निवासी सपना ने बंद गली की नाली खुलवाने की शिकायत दी। नायब तहसीलदार सुरेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए समाधान शिविर में पहुंचकर शिकायतें दर्ज करवाएं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार ये शिविर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर इंस्पेक्टर मोनिंदर सिंह, बिजली विभाग के एसडीओ प्रमोद कुमार, डीएफएससी इंस्पेक्टर अनुराग, एमिनेंट पर्सन ओमपाल यादव और ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य वजीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।