-
☰
हरियाणा: एसपी मयंक मिश्रा ने थाना सिवानी का किया औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के निस्तारण के दिए निर्देश
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: भिवानी पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा (IPS) ने मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को थाना सिवानी का औचक निरीक्षण किया।
विस्तार
हरियाणा: भिवानी पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा (IPS) ने मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को थाना सिवानी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड रूम, कार्यालय व्यवस्था और लंबित शिकायतों एवं मामलों की स्थिति की समीक्षा की। एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने रिकॉर्ड रूम और कार्यालय का जायजा लेते हुए दस्तावेजों के उचित रखरखाव पर जोर दिया। साथ ही थाना परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी ने लंबित अभियोगों और शिकायतों की समीक्षा करते हुए जांच अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने मामलों की नियमित निगरानी करते हुए नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को थाने में शिकायत लेकर आने वाले लोगों के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार करने की हिदायत दी। एसपी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनकर उसका नियमानुसार और समय पर समाधान किया जाना चाहिए। कानून-व्यवस्था को लेकर एसपी ने क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी को प्रभावी बनाने तथा असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन को पारदर्शी और प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है। शिकायतों और अभियोगों पर तत्परता से कार्रवाई कर लोगों को समयबद्ध न्याय दिलाना प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर डीएसपी सिवानी सुरेंद्र सिंह, थाना प्रबंधक निरीक्षक रिशाल सिंह, प्रवाचक एसपी एएसआई बलवान सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।