-
☰
हरियाणा: ‘किसान सहायक दीदी’ बनेंगी महिलाएं, गांव-गांव जाकर करेंगी मृदा परीक्षण
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: हिसार राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (HSRLM) के तहत महिला सशक्तिकरण और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने के लिए नई पहल शुरू की गई है।
विस्तार
हरियाणा: हिसार राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (HSRLM) के तहत महिला सशक्तिकरण और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने के लिए नई पहल शुरू की गई है। उपायुक्त महेंद्र पाल के मार्गदर्शन में स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जुड़ी महिलाओं को ‘किसान सहायक दीदी’ के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद ये महिलाएं गांव-गांव जाकर मिट्टी के नमूने एकत्र करेंगी और किसानों को मृदा स्वास्थ्य के आधार पर कृषि संबंधी परामर्श देंगी। इस पहल का उद्देश्य किसानों को खेत की मिट्टी की गुणवत्ता और उर्वरता के अनुसार संतुलित मात्रा में उर्वरकों के इस्तेमाल के लिए जागरूक करना है। अधिकारियों के अनुसार, मृदा परीक्षण के आधार पर खाद और उर्वरक का उचित उपयोग करने से किसानों की खेती की लागत कम हो सकती है और फसल उत्पादन की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है। साथ ही, इससे मिट्टी की उर्वरता को लंबे समय तक बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि ‘किसान सहायक दीदी’ कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को गांव में ही रोजगार और आय के नए अवसर मिलेंगे। महिलाएं किसानों और कृषि विभाग के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करेंगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कृषि विभाग के तकनीकी विशेषज्ञों ने महिलाओं को मृदा परीक्षण और आधुनिक कृषि तकनीकों से संबंधित जानकारी दी। तकनीकी सहायक डॉ. राजीव भाटिया और एसटीओ हांसी डॉ. सतबीर सिंह ने प्रशिक्षण के दौरान जरूरी तकनीकी पहलुओं की जानकारी साझा की। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र ने बताया कि ‘किसान सहायक दीदी’ की टीम कृषि विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगी। इससे किसानों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही मृदा परीक्षण और कृषि संबंधी सलाह की सुविधा मिल सकेगी। कार्यक्रम में नगराधीश रोहित कुमार सहित जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन के अनुसार, यह पहल महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ टिकाऊ और वैज्ञानिक कृषि को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
गुजरात: 24 घंटे बंद रहेंगे सभी CNG पंप, डीलरों ने कमीशन बढ़ाने समेत मांगों को लेकर लिया फैसला
हरियाणा: भाजपा SC मोर्चा की बैठक, अजय खुंडिया ने कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश: देर रात गोलीकांड से मचा हड़कंप, कंबल फैक्ट्री कर्मचारी के सीने में लगी गोली
मध्य प्रदेश: घोड़ाखेड़ा में जलभराव से स्कूल जाने का रास्ता बंद, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार