-
☰
मध्य प्रदेश: नशामुक्ति अभियान के तहत छात्रों ने बनाए जागरूकता चित्र, थाना प्रभारी ने की सराहना
- Photo by : social media
विस्तार
मध्य प्रदेश: समाज को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने के उद्देश्य से एकेडमिया प्राइम स्कूल, धामनोद में नशामुक्ति अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विद्यार्थियों ने चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों में से पांच उत्कृष्ट चित्रों का चयन किया गया। इन चयनित चित्रों को विद्यार्थियों ने धामनोद पुलिस थाने पहुंचकर थाना प्रभारी को भेंट किया। चित्रकला प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रतियोगिता में सताक्षी न्याईक और समर केवट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं टिया नर्गेश और ईवा जैन दूसरे स्थान पर रहे, जबकि तनीषा सोलंकी ने तीसरा स्थान हासिल किया। विद्यालय के समस्त स्टाफ ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। चयनित पांचों चित्र विद्यार्थियों और स्कूल एडमिनिस्ट्रेटिव जय पाटीदार की मौजूदगी में धामनोद पुलिस थाने में भेंट किए गए। इस दौरान थाना प्रभारी संतोष यादव ने विद्यार्थियों से मुलाकात की और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ विद्यार्थियों की ओर से किया गया यह प्रयास समाज में सकारात्मक ऊर्जा पैदा करने और लोगों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जागरूकता फैलाने के लिए उठाया गया यह कदम उनके भविष्य के साथ-साथ देश के भविष्य के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की। इस अवसर पर स्कूल की डायरेक्टर मधु विनोद डोंगले और प्राचार्य विजय कुमार गुप्ता ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें तंबाकू, शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन के लिए प्रेरित करता है, तो उन्हें पूरे आत्मविश्वास के साथ 'ना' कहना सीखना चाहिए। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सशक्त चरित्र ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को नशामुक्त बनाने और लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।