Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: एसआई भर्ती पेपर लीक में आरपीएससी सदस्य का चालक गिरफ्तार

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Pramod Kumar Bansal , Date: 22/05/2026 01:59:44 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Pramod Kumar Bansal ,
  • Date:
  • 22/05/2026 01:59:44 pm
Share:

संक्षेप

राजस्थान: जयपुर एसआई भर्ती-2021 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के तत्कालीन सदस्य बाबूलाल कटारा के चालक नादान सिंह राठौड़ को गिरफ्तार किया है।

विस्तार

राजस्थान: जयपुर एसआई भर्ती-2021 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के तत्कालीन सदस्य बाबूलाल कटारा के चालक नादान सिंह राठौड़ को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपने बेटे अजय प्रताप सिंह को परीक्षा में अवैध लाभ दिलाने के लिए पेपर और उत्तर उपलब्ध करवाने का आरोप है। एसओजी अजय प्रताप सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि नादान सिंह ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बेटे को एसआई भर्ती परीक्षा में पास करवाने के लिए सुनियोजित साजिश रची। जांच में सामने आया कि उसने बेटे से एसआई भर्ती का फॉर्म भरवाया और तत्कालीन आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा से परीक्षा में मदद सुनिश्चित करवाई।

जांच के दौरान पता चला कि बाबूलाल कटारा ने परीक्षा से पहले तीनों दिन के प्रश्नपत्र और उत्तर अपने भांजे विजय कुमार डामोर को उपलब्ध करवाए थे। नादान सिंह ने विजय डामोर से प्रश्न और उत्तर लेकर अपने बेटे अजय प्रताप तक पहुंचाए। एसओजी के अनुसार लीक पेपर पढ़कर परीक्षा देने वाले अजय प्रताप सिंह को हिंदी विषय में 200 में से 174.28 तथा सामान्य ज्ञान में 200 में से 150.2 अंक प्राप्त हुए थे, जिससे वह परीक्षा में सफल हो गया। अजय प्रताप सिंह को एसओजी ने 18 अगस्त 2025 को गिरफ्तार किया था।

अब एसओजी ने नादान सिंह को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे 22 मई तक रिमांड पर भेजा गया है। एसओजी उससे पूछताछ कर रही है कि उसे पेपर लीक की जानकारी कैसे मिली और पूरे नेटवर्क में उसकी क्या भूमिका रही। एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि राजस्थान पुलिस में एसआई पदों पर भर्ती के लिए आरपीएससी द्वारा परीक्षा आयोजित की गई थी। इस पेपर लीक मामले में अब तक 141 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसओजी पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी नादान सिंह राठौड़ मूल रूप से पदमपुरा (अजमेर) का निवासी है और फिलहाल अजमेर पुलिस लाइन के पास महादेव नगर में रह रहा था।