-
☰
उत्तर प्रदेश: भोकरहेड़ी कॉलेज में साइबर जागरूकता अभियान, NCC कैडेट्स को साइबर ठगी से बचने के दी टिप्स
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: भोकारेडी जनपद मुजफ्फरनगर के कस्बा भोकारेडी के इंटर कॉलेज में अक्टूबर माह को साइबर जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: भोकारेडी जनपद मुजफ्फरनगर के कस्बा भोकारेडी के इंटर कॉलेज में अक्टूबर माह को साइबर जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद मुजफ्फरनगर माननीय श्री संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जनपद मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा आमजन, छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने हेतु निरन्तर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में साइबर थाना पुलिस द्वारा भोकरहेड़ी इण्टर कॉलेज में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों एवं उनसे बचाव के उपायों के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान साइबर थाना प्रभारी माननीय श्री कर्मवीर सिंह द्वारा एनसीसी कैडेट्स को ओटीपी फ्रॉड, फिशिंग लिंक, फर्जी कॉल एवं मैसेज, APK फाइल, फर्जी वेबसाइट/ऐप, UPI एवं QR कोड फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर अथवा बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, कम्पनी प्रतिनिधि आदि बनकर लोगों से गोपनीय जानकारी प्राप्त कर साइबर ठगी कर सकते हैं। साइबर थाना प्रभारी द्वारा विशेष रूप से जागरूक किया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से सम्बन्धित गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा अनजान लिंक पर क्लिक न करें। मोबाइल पर प्राप्त किसी भी संदिग्ध APK फाइल को डाउनलोड अथवा इंस्टॉल न करें, क्योंकि इसके माध्यम से साइबर अपराधी मोबाइल की महत्वपूर्ण जानकारी तक पहुंच बनाकर आर्थिक ठगी कर सकते हैं।
इसके साथ ही एनसीसी कैडेट्स को सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा, मजबूत पासवर्ड एवं टू-फैक्टर ऑथेन्टिकेशन का प्रयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक अथवा ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन के विश्वास न करने के सम्बन्ध में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे ठगी की धनराशि को समय रहते होल्ड/फ्रीज कराने की कार्यवाही की जा सके। मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता माह के अन्तर्गत जनपद के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।