-
☰
उत्तर प्रदेश: सड़क की बदहाली पर हाईवे जाम, मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी, दाल मिलों के भारी वाहनों पर जांच शुरू
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: महोबा सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम रैपुरा में खराब सड़क, गड्ढों और जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों द्वारा झांसी-मिर्जापुर (कुलपहाड़-महोबा) हाईवे जाम किए जाने के मामले का पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान लिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: महोबा सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम रैपुरा में खराब सड़क, गड्ढों और जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों द्वारा झांसी-मिर्जापुर (कुलपहाड़-महोबा) हाईवे जाम किए जाने के मामले का पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान लिया। घटना के अगले दिन कप्तान एवं संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया।अधिकारियों ने ग्राम रैपुरा के प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों से संवाद किया। इस दौरान बच्चों को समझाया गया कि गांव अथवा क्षेत्र की किसी भी समस्या के समाधान के लिए शिक्षक, अभिभावक और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाना चाहिए। अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर जाम लगाने से एंबुलेंस, मरीजों और आम नागरिकों के आवागमन में परेशानी उत्पन्न होती है, इसलिए समस्याओं के समाधान के लिए शांतिपूर्ण एवं वैधानिक तरीके अपनाए जाने चाहिए। मौके पर सड़क का निरीक्षण करने पर अधिकारियों ने पाया कि दाल मिलों में आने-जाने वाले भारी वाहनों के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। बताया गया कि जिला पंचायत द्वारा करीब पांच वर्ष पहले हल्के वाहनों के आवागमन के भार को ध्यान में रखते हुए सड़क का निर्माण कराया गया था। हालांकि, दाल मिलों के भारी वाहनों की आवाजाही के चलते सड़क की स्थिति खराब हो गई, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों के अनुसार दाल मिलों से संबंधित सभी आवश्यक प्रपत्रों की जांच कराई जा रही है। वहीं, जिला पंचायत की ओर से सड़क की मरम्मत और आवश्यक कार्य भी कराया जा रहा है। प्रशासन ने ग्रामीणों की समस्या के समाधान का भरोसा दिलाते हुए स्थिति पर निगरानी बनाए रखने की बात कही है।