-
☰
उत्तर प्रदेश: मजदूर की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; नाले के पास से बरामद हुए शव के अवशेष
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सीतापुर जिले के तालगांव थाना क्षेत्र के भुलभूलिया गांव निवासी हीरालाल की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी लवलेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रविवार सुबह करीब 10 बजे लहरपुर क्षेत्र में एक नाले के पास से मृतक के शव के अवशेष बरामद किए। इसके बाद अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सीतापुर जिले के तालगांव थाना क्षेत्र के भुलभूलिया गांव निवासी हीरालाल की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी लवलेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रविवार सुबह करीब 10 बजे लहरपुर क्षेत्र में एक नाले के पास से मृतक के शव के अवशेष बरामद किए। इसके बाद अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, हीरालाल 7 अक्टूबर को मजदूरी की तलाश में लहरपुर गया था। वहां लेबर अड्डे पर उसकी मुलाकात अकैचनपुर निवासी लवलेश से हुई, जो उसे काम दिलाने के लिए अपने साथ ले गया था। आरोप है कि खेत में पेड़ की डाल काटने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान लवलेश ने बांके से हमला कर हीरालाल की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को नाले में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। उधर, हीरालाल के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने 7 अक्टूबर की शाम तालगांव थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और मामले की जांच में जुट गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर शनिवार शाम लवलेश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर नाले के पास से शव के अवशेष बरामद किए।