Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: चोक नालियों और जलजमाव से ग्रामीणों का जीवन हुआ प्रभावित

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Arun Kumar , Date: 06/06/2026 03:49:16 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Arun Kumar ,
  • Date:
  • 06/06/2026 03:49:16 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: जमानिया  स्थानीय विकास खंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम सभा गायघाट में स्वच्छता व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: जमानिया  स्थानीय विकास खंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम सभा गायघाट में स्वच्छता व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में नियुक्त सफाई कर्मी लंबे समय से ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं, जिसके कारण नालियां पूरी तरह चोक हो चुकी हैं और गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। गांव की प्रमुख गलियों और सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। नालियों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर फैलने से राहगीरों, स्कूली बच्चों तथा वाहन चालकों को आवागमन में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कीचड़ और फिसलन के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।भीषण गर्मी के बीच नालियों में जमा गंदे पानी से दुर्गंध फैल रही है, जिससे लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। वहीं, मच्छरों की संख्या में लगातार वृद्धि होने से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो गांव में महामारी फैल सकती है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। सफाई कर्मियों की नियुक्ति होने के बावजूद उनकी नियमित उपस्थिति नहीं होने से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गांव में विशेष सफाई अभियान चलाकर नालियों की सफाई नहीं कराई गई और जलजमाव की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित ब्लॉक अधिकारियों से मांग की है कि लापरवाह सफाई कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा गांव में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कर लोगों को गंदगी और जलभराव की समस्या से राहत दिलाई जाए।


Featured News