-
☰
गुजरात: 45 साल पुरानी बस लूट का फरार आरोपी उत्तर प्रदेश से हुआ गिरफ्तार
- Photo by : social media
विस्तार
गुजरात: करजन में 45 साल पहले हुई बस लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को वडोदरा ग्रामीण एलसीबी की टीम ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद करजन पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 1981 की रात राजकोट से मुंबई जा रही जीआरटी 7485 लग्जरी बस में कुछ आरोपी यात्रियों के वेश में सवार हुए थे। लकोदरा गांव के बाहरी इलाके में हाईवे पर आरोपियों ने बस चालक को रिवॉल्वर दिखाकर बस को रोक लिया और यात्रियों तथा कंडक्टर से लूटपाट की। वारदात के दौरान नकदी, घड़ियां और सोने के आभूषण समेत कुल 2,32,975 रुपये की लूट की गई थी। घटना के संबंध में करजन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी दबीब अहमद अब्दुल शकूर पठान, निवासी सेवनपुरा, तहसील काशगंज, उत्तर प्रदेश, लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था। जांच के दौरान वडोदरा ग्रामीण एलसीबी टीम के खोदाभाई राणा और हर्षकुमार सनातनभाई को सूचना मिली कि आरोपी वर्तमान में उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक गांव में रह रहा है। सूचना के आधार पर एलसीबी टीम उत्तर प्रदेश पहुंची और आरोपी के ठिकाने पर निगरानी शुरू की। लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए करजन पुलिस को सौंप दिया गया।