Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: भगवान परशुराम द्वार का लोकार्पण, डॉ. अरविंद शर्मा ने की 21 लाख की घोषणा

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rammehar , Date: 02/05/2026 05:42:09 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rammehar ,
  • Date:
  • 02/05/2026 05:42:09 pm
Share:

विस्तार

हरियाणा: हांसी में 2 मई के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन, उनके उच्च आदर्श देश में सामाजिक समरसता के भाव को निरन्तर मजबूत कर रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार भगवान परशुराम के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में गम्भीरता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में हमें युवाओं को प्रेरित करना होगा कि वो भगवान परशुराम के विचारों से प्रेरित होकर समाज उत्थान में अपना योगदान दें।

शनिवार को सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, हांसी विधायक विनोद भ्याणा की मौजूदगी में नगर परिषद द्वारा स्थापित भगवान परशुराम द्वार का लोकार्पण किया। इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने भगवान परशुराम सेवा समिति द्वारा रूपचन्द पैलेस में आयोजित भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव एवं सम्मान समारोह में शिरकत की। उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार निरंतर संत-महापुरुषों की जयंती मनाकर समाज को उनकी शिक्षाओं से जोड़ने का कार्य कर रही है। 

उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को महान विभूतियों के आदर्शों से अवगत कराना है, ताकि वे उनसे प्रेरणा लेकर अपने जीवन को सार्थक बना सकें। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने भगवान परशुराम के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज में उच्च मूल्यों और नैतिकता की स्थापना की। उनका जीवन सामाजिक समरसता, माता-पिता एवं गुरुजनों के सम्मान तथा शोषित और पीड़ित वर्ग की सहायता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम के विचार सनातन संस्कृति को मजबूत करने वाले हैं और आज के समय में उनकी प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। 

डॉ. शर्मा ने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को धर्म और संस्कारों से जोड़ें तथा भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित करें, ताकि समाज में एकजुटता और भाईचारा कायम रहे। उन्होंने ब्राह्मण समाज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस समाज ने देश की आजादी से लेकर राष्ट्र निर्माण तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ब्राह्मण समाज सदैव सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ समाज को आगे बढ़ाने का कार्य करता आया है। उन्होंने समाज के लोगों द्वारा भगवान परशुराम भवन के लिए जमीन की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली व हांसी विधायक विनोद भ्याणा के साथ मिलकर इसे जरूर पूरा किया जाएगा। उन्होंने इसके लिए स्वैच्छिक कोष से 21 लाख रुपए देने की घोषणा की। 

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भगवान परशुराम जयंती कार्यक्रम देशभर में पूरे जोशव उत्साह के साथ मनाए जा रहे हैं। गुरुजन के प्रति व अभिभावकों के प्रति उच्च आदर्श स्थापित करने वाले भगवान परशुराम का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। भाजपा सरकार ने बीते 11 साल के दौरान उनके विचारों को मजबूती के साथ जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हर युवा को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए, ताकि वो शोषित, पीड़ित, जरूरतमंद की मदद करते हुए समाज को मजबूत करने में अपना योगदान दे सकें। 

विधायक विनोद भयाना ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि जब-जब पृथ्वी पर पाप बढ़ता है, तब भगवान मानव रूप में अवतरित होकर अत्याचार का अंत करते हैं और मानवता को सही मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम ने भी समाज को सत्य, न्याय और सेवा का मार्ग दिखाया। उन्होंने नागरिकों से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान करते हुए भगवान परशुराम भवन निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की।
विधायक विनोद भयाना ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि उन्नति का मार्ग शिक्षा से ही प्रशस्त होता है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया तथा भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा दी। 

विधायक देवेंद्र अत्रि ने कार्यक्रम को संबोधित किया।उन्होंने भवन निर्माण के लिए एक लाख 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। एडीजीपी एवं झज्जर की पुलिस आयुक्त डॉ राजश्री सिंह ने कहा कि अच्छे और नेक कर्म करने वाले व्यक्ति सदियों तक याद किए जाते हैं। भगवान परशुराम भी अपने महान कर्मों के कारण आज पूजनीय हैं। उन्होंने समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग की सेवा करने और सनातन धर्म की परंपराओ की रक्षा  का आह्वान किया। 

भगवान परशुराम सेवा समिति प्रधान जगमोहन शर्मा ने भी कार्यक्रम को।संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। आयोजन ने समाज में एकता, संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, कार्यक्रम आयोजक जगमोहन शर्मा, राजपाल यादव, विधायक विनोद भयाना के राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी ,नगर परिषद के प्रधान प्रवीण इलाहाबादी, बार एसोसिएशन के प्रधान पवन रापड़िया, नगर परिषद उप प्रधान अनिल बंसल, मास्टर ऋषिकांत, निदेशक डॉ चित्रलेखा शर्मा, तनुज खुराना, धर्मवीर पिंडरा, पवन शर्मा, अशोक ढालिया, जय हिंदमंच से सुरेश शर्मा , राजीव शर्मा, सुनीता टुटेजा, जगमोहन यादव, विधायक विनोद भयाना के निजी सचिव रवि अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
 


Featured News