Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान को लेकर मतदाता सूची शुद्धिकरण पर दिया गया जोर

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 11/06/2026 05:49:13 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 11/06/2026 05:49:13 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हांसी भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण एवं अद्यतन के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान चलाया जाएगा।

विस्तार

हरियाणा: हांसी भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण एवं अद्यतन के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अयोग्य नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। यह जानकारी एसडीएम एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी राजेश खोथ ने स्थानीय लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी। इस अवसर पर निर्वाचन विभाग से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। एसडीएम राजेश खोथ ने बताया कि हांसी विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 2 लाख 2 हजार 464 पंजीकृत मतदाता हैं तथा यहां 205 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने और मतदाता सूची को पूरी तरह पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि 15 जून 2026 से 14 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरित करेंगे और मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान मतदाताओं से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर उनकी पात्रता की जांच की जाएगी। मतदाता चाहें तो ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भी गणना फॉर्म भर सकते हैं।

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया के दौरान किसी भी मतदाता से ओटीपी नहीं मांगा जाएगा। यदि कोई व्यक्ति स्वयं को निर्वाचन विभाग का प्रतिनिधि बताकर ओटीपी मांगता है तो नागरिक तुरंत सतर्क रहें और इसकी सूचना प्रशासन को दें। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे, जबकि मृत, स्थानांतरित या अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची से हटाए जाएंगे। साथ ही मतदाता अपने विवरणों में सुधार भी करवा सकेंगे। राजेश खोथ ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की नींव है और इसका शुद्ध एवं अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। इस कार्य में राजनीतिक दलों, बीएलए तथा सामाजिक संगठनों का सहयोग भी लिया जाएगा ताकि प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रह सके। उन्होंने बताया कि घर-घर सत्यापन के बाद 21 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां ली जाएंगी और उनका निस्तारण 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 22 सितंबर 2026 को प्रकाशित होगी। एसडीएम ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे बीएलओ को सही जानकारी उपलब्ध कराएं और अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही मजबूत लोकतंत्र की नींव रखते हैं, इसलिए प्रत्येक मतदाता इस अभियान में सहयोग कर स्वच्छ एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में योगदान दे।