-
☰
हरियाणा: नशे के खिलाफ पंचकूला पुलिस का एक्शन, इंदिरा कॉलोनी में स्निफर डॉग के साथ की गई सघन चेकिंग
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: पंचकूला पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा जिला में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा नशे की रोकथाम के उद्देश्य से समय समय पर चिन्हित स्थानों पर लगातार कॉम्बिंग की जा रही है।
विस्तार
हरियाणा: पंचकूला पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा जिला में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा नशे की रोकथाम के उद्देश्य से समय समय पर चिन्हित स्थानों पर लगातार कॉम्बिंग की जा रही है। आज सेक्टर- 16 चौकी टीम ने इंचार्ज सिंहराज की अगुवाई में स्निफर डॉग के साथ इंदिरा कॉलोनी में व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग की। अभियान के दौरान गलियों , दुकानों, खुले स्थानों, खाली प्लॉटों, झाड़ियों, संदिग्ध ठिकानों तथा संवेदनशील बिंदुओं पर गहन तलाशी ली गई। डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार कॉम्बिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान व सत्यापन किया गया तथा क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों पर विशेष निगरानी रखी गई। अभियान के दौरान नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं सेवन से जुड़े संभावित ठिकानों की विशेष रूप से जांच की गई। स्थानीय नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्पष्ट संदेश दिया गया कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई कि नशे की अवैध गतिविधियों की सूचना बिना किसी भय के पंचकूला पुलिस के ड्रग इन्फो हेल्पलाइन नंबर 7087081100 / 7087081048 पर पुलिस को दें, बताने वाले की जानकारी गुप्त रखी जाएगी।