Contact for Advertisement 9919916171


 राजस्थान: नगरीय निकाय चुनाव का बजा बिगुल, कोटपूतली में 9 सितंबर को होगा मतदान

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Pramod Kumar Bansal , Date: 20/08/2026 10:17:25 am Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Pramod Kumar Bansal ,
  • Date:
  • 20/08/2026 10:17:25 am
Share:

विस्तार

राजस्थान: राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव-2026 का बिगुल बज गया है। कोटपूतली नगर परिषद में प्रथम चरण के तहत 9 सितंबर को मतदान होगा। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। वार्डों के आरक्षण की तस्वीर सामने आने के बाद संभावित प्रत्याशियों ने अपने-अपने चुनावी समीकरण साधने शुरू कर दिए हैं। कोटपूतली नगर परिषद में वार्डों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है। इस बार करीब 95,426 मतदाता अपने पार्षद चुनेंगे। सभापति पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित होने से इस वर्ग के संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय खेमे में टिकट की दावेदारी को लेकर जोड़-तोड़ शुरू हो गई है।

वार्डों के पुनर्गठन और आरक्षण के बाद कई पुराने दावेदारों के सामने नए समीकरण बन गए हैं। महिला आरक्षित वार्डों में नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना है, जबकि सामान्य वार्डों में एक ही पार्टी से कई दावेदार सामने आ सकते हैं। यदि किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता है तो निर्दलीय और छोटे समूहों के पार्षद बोर्ड गठन में अहम भूमिका निभा सकते हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश की 309 नगरीय निकायों में चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। इनमें 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगरपालिकाएं शामिल हैं। सदस्य पदों के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर और अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर निर्धारित की गई है। चुनाव चिन्ह 4 सितंबर को आवंटित किए जाएंगे। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा। मतगणना 14 सितंबर को की जाएगी। 

इन चुनावों में प्रदेश के 1 करोड़ 44 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कुल 1,44,03,853 मतदाताओं में 73,98,415 पुरुष, 70,04,927 महिला और 511 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।  नगरीय निकाय चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन यानी ईवीएम से कराए जाएंगे। नए परिसीमन के बाद प्रदेश में वार्डों की संख्या बढ़कर 10,245 और मतदान केंद्रों की संख्या 16,465 हो गई है। चुनाव में करीब 1,15,255 कार्मिकों की तैनाती होगी, जबकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 98,790 पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे।   चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। नई योजनाओं और नए विकास कार्यों पर रोक रहेगी। आयोग ने सभी राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों और मतदाताओं से शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव में सहयोग करने तथा निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। 
 


Featured News