Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: पुलिस मुठभेड़ में 20 हजार का इनामी पशु लूट का आरोपी हुआ गिरफ्तार, तमंचा और नकदी हुई बरामद

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Anil , Date: 08/07/2026 04:19:30 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 08/07/2026 04:19:30 pm
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: मुजफ्फरनगर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में खतौली थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी और पशु लूट के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और 2,600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 11/12 जून 2026 की रात रसूलपुर कैलोरा गांव निवासी सुखपाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बदमाशों ने उनके घर में घुसकर उन्हें और उनके पुत्र को बंधक बना लिया तथा दो भैंस और उनके दो बच्चों को लूटकर फरार हो गए। इस मामले में खतौली थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने पहले 19 जून को उस्मान और 20 जून को फैजान को गिरफ्तार किया था, जबकि तीसरा आरोपी शाहिद फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

मंगलवार देर रात थाना खतौली पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फुलत मार्ग पर आदर्श जूनियर हाई स्कूल के सामने एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और नहर पटरी की ओर भागने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी शाहिद घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहिद पुत्र आबिद, निवासी खिवाई, थाना सरूरपुर, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा 2,600 रुपये नकद बरामद हुए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी और पशु लूट की वारदातों को अंजाम देता था। उसने रसूलपुर कैलोरा में पिता-पुत्र को बंधक बनाकर पशु लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि लूटे गए पशुओं को पशु पैठ में बेच दिया गया था और बरामद नकदी उसी रकम का शेष हिस्सा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।