Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: ग्राम चौपाल में जल जीवन मिशन की बदहाल व्यवस्था पर भड़के डीपीआरओ, अधिकारियों को लगाई गई फटकार

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Suraj Maurya , Date: 22/05/2026 03:42:33 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Suraj Maurya ,
  • Date:
  • 22/05/2026 03:42:33 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: मिर्जापुर जनपद के विकासखंड छानबे अंतर्गत कोलाही गांव में आयोजित ग्राम चौपाल में ग्रामीण समस्याओं, सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: मिर्जापुर जनपद के विकासखंड छानबे अंतर्गत कोलाही गांव में आयोजित ग्राम चौपाल में ग्रामीण समस्याओं, सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। चौपाल में पहुंचे जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) संतोष श्रीवास्तव ने जल जीवन मिशन की खराब व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के समय पेयजल व्यवस्था में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीपीआरओ संतोष श्रीवास्तव ने चौपाल के दौरान कहा कि गांव में जल जीवन मिशन की स्थिति पूरी तरह चरमराई हुई दिखाई दे रही है। कई ग्रामीणों ने पेयजल संकट और अनियमित आपूर्ति की शिकायत की। इस पर डीपीआरओ ने नाराजगी जताते हुए बताया कि ब्लॉक स्तर पर पहले भी समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने साफ-सफाई, नालियों की स्थिति, पेयजल संकट और अन्य मूलभूत समस्याओं को भी अधिकारियों के सामने रखा। डीपीआरओ ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने ब्लॉक कंट्रोल रूम का नंबर गांव के सार्वजनिक स्थानों पर लिखवाने का निर्देश भी दिया, ताकि ग्रामीण आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें और समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। निरीक्षण के दौरान कई सफाईकर्मी निर्धारित ड्रेस में नहीं पाए गए, जिस पर डीपीआरओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों को अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगली बार सभी सफाईकर्मी निर्धारित ड्रेस में ही नजर आने चाहिए, अन्यथा उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

चौपाल में अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि गांव में पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था को जल्द बेहतर बनाया जाएगा। इस दौरान खंड विकास अधिकारी रामपाल, सहायक विकास अधिकारी पंचायत बृजेश सिंह, ग्राम प्रधान सरिता यादव, संतोष तिवारी, विनोद यादव सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।