Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: एसडीएम ने समाधान शिविर में सुनीं समस्याएं, वरिष्ठ नागरिक को चाय पर बुलाकर जीता दिल

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 21/05/2026 04:10:17 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 21/05/2026 04:10:17 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हांसी में 21 मई को एसडीएम राजेश खोथ ने जिला सचिवालय परिसर में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विस्तार

हरियाणा: हांसी में 21 मई को एसडीएम राजेश खोथ ने जिला सचिवालय परिसर में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में पहुंचे नागरिकों ने बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, परिवार पहचान पत्र, जल निकासी तथा प्लॉट संबंधी विभिन्न समस्याएं एसडीएम के समक्ष रखीं।

समाधान शिविर के दौरान दिव्यांग युवक राघव ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन बनवाने को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर एसडीएम राजेश खोथ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दो सप्ताह के भीतर राघव की सामाजिक सुरक्षा पेंशन बनाना सुनिश्चित किया जाए तथा पेंशन स्वीकृत होने के बाद उसे इसकी सूचना भी दी जाए। एसडीएम ने कहा कि पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिलना प्रशासन की प्राथमिकता है। शिविर में पहुंचे वरिष्ठ नागरिक हेमराज मुंजाल ने अपनी समस्या एसडीएम के समक्ष रखी। एसडीएम राजेश खोथ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को दो दिन के भीतर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। 

इसके बाद एसडीएम ने हेमराज मुंजाल को अपने साथ चाय पीने का निमंत्रण भी दिया। एसडीएम के सहज व्यवहार, संवेदनशील कार्यशैली और आत्मीयता को देखकर वरिष्ठ नागरिक के चेहरे पर सुकून और खुशी साफ दिखाई दी। उपस्थित लोगों ने भी एसडीएम की मानवीय कार्यशैली की सराहना की। भगत सिंह मार्केट, हांसी के निवासियों ने बिजली व्यवस्था से संबंधित समस्या एसडीएम के समक्ष रखी। इस पर एसडीएम ने बिजली विभाग के अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं गांव पेटवाड़ के ग्रामीणों ने बाढ़ के पानी की निकासी के लिए बिजली कनेक्शन उपलब्ध करवाने की मांग रखी। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को मौके का मुआयना कर शीघ्र उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उगालन गांव निवासी धर्मचंद ने परिवार पहचान पत्र में दर्शाई गई आय को दुरुस्त करवाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। एसडीएम राजेश खोथ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 दिनों के भीतर मामले की जांच कर आय संबंधी त्रुटि को ठीक करना सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा कुतुबपुर गांव के निवासियों ने 100 गज के प्लॉट उपलब्ध करवाने की मांग एसडीएम के समक्ष रखी। इस पर एसडीएम ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि वह मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करें तथा नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें। 

एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस अवसर पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी संदीप भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी विनोद श्योराण, तहसीलदार सुरेश कुमार, बीडीपीओ अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।