Contact for Advertisement 9919916171


झारखंड: बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए युवा समूह ने DPRO को सौंपा 8 सूत्री ज्ञापन

- Photo by : SOCIAL MEDIA

झारखंड  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 18/08/2026 11:07:59 am Share:
  • झारखंड
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 18/08/2026 11:07:59 am
Share:

विस्तार

झारखंड: गिरिडीह पंचायत स्तर पर बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र छात्राओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से युवा समूह के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी (DPRO) से मुलाकात कर 8 सूत्री ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और पात्र छात्राओं की पहचान सुनिश्चित करने की मांग की। यह पहल जागो फाउंडेशन, जो Girls Not Brides - Global Network का सदस्य है, के सहयोग से गिरिडीह जिले की 10 पंचायतों में किए गए अध्ययन के आधार पर की गई। अध्ययन में झारखंड सरकार की सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, साइकिल योजना और ई-कल्याण छात्रवृत्ति योजना के क्रियान्वयन एवं प्रभाव का अध्ययन किया गया। अध्ययन में सामने आया कि इन योजनाओं से छात्राओं की शिक्षा जारी रखने और स्कूल छोड़ने की दर कम करने में मदद मिल रही है। हालांकि, योजनाओं की जानकारी का अभाव, जरूरी दस्तावेजों की समस्या और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की जटिलता के कारण कई पात्र छात्राएं योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाती हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने DPRO से मांग की कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों के मुखिया और पंचायत प्रतिनिधियों को योजनाओं के प्रचार-प्रसार और पात्र छात्राओं तक लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। ज्ञापन में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, साइकिल योजना और ई-कल्याण छात्रवृत्ति का पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार करने, पात्र किशोरियों और छात्राओं की पहचान करने तथा अभिभावकों को पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने की मांग की गई। इसके अलावा पात्र छात्राओं को आवेदन प्रक्रिया में तकनीकी और व्यावहारिक सहयोग उपलब्ध कराने, योजनाओं से जुड़े लंबित मामलों का समाधान कराने और विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, किशोरी समूहों एवं युवा समूहों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का सुझाव दिया गया। युवा समूह ने पंचायतों को समुदाय और प्रशासन के बीच सेतु के रूप में सक्रिय भूमिका देने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी जिम्मेदारी सुनिश्चित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वे जागरूकता अभियान चलाने, पात्र छात्राओं की पहचान करने और उनकी समस्याओं के समाधान में जिला प्रशासन एवं पंचायतों के साथ सहयोग करने के लिए तैयार हैं। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से जिले की अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा सकेगा और उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखने में मदद मिलेगी। ज्ञापन सौंपने में अभिव्यक्ति फाउंडेशन की ओर से वीरेंद्र कुमार वर्मा, रमेश वर्मा, गेंदो प्रसाद वर्मा सहित बड़ी संख्या में युवतियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।