Contact for Advertisement 9919916171


मध्य प्रदेश: राहुल-प्रियंका गांधी की हिरासत के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार का पुतला फूंककर जताया विरोध

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Radheshyam Gurjar , Date: 22/07/2026 05:35:47 pm Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by: Radheshyam Gurjar ,
  • Date:
  • 22/07/2026 05:35:47 pm
Share:

विस्तार

मध्य प्रदेश: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के मूंदी नगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। बुधवार दोपहर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शैतान सिंह चौहान ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ता स्थानीय बस स्टैंड पर एकत्रित हुए, जहां उन्होंने केंद्र सरकार का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और कार्रवाई के खिलाफ अपनी नाराजगी व्यक्त की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने की घटना की कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई लोकतंत्र और विपक्ष की आवाज़ को दबाने का प्रयास है। नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है तथा विरोध की आवाज़ को दबाना संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने और विपक्ष के नेताओं के साथ निष्पक्ष व्यवहार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। प्रदर्शन में प्रदेश सचिव इम्तियाज़ उर्फ़ सोनू खान, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनिल जाधव सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर कांग्रेस नेतृत्व के प्रति समर्थन व्यक्त किया और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस भी तैनात रही।