-
☰
मध्य प्रदेश: भावुक स्टेटस के अगले दिन पिता ने बेटे-बेटी संग कुएं में लगाई छलांग, तीनों की हुई मौत
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: कटंगी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जराहमोहगांव के लाखीटोला में बुधवार को हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
विस्तार
मध्य प्रदेश: कटंगी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जराहमोहगांव के लाखीटोला में बुधवार को हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना में पिता सहित दोनों बच्चों की मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक श्याम नागेन्द्र पिता भागवत नागेन्द्र उम्र लगभग 40 वर्ष, जाति झारिया निवासी लाखीटोला जराहमोहगांव ने अपने पुत्र वंश नागेन्द्र उम्र 5 वर्ष तथा पुत्री कु. भूरि नागेन्द्र उम्र 3 वर्ष के साथ गांव के एक कुएं में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह ग्रामीणों ने कुएं में शव तैरते देखे, जिसके बाद तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कटंगी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तीनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। घटना स्थल पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। मासूम बच्चों के शव देखकर ग्रामीण भावुक हो उठे। गांव की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल रहा। इस दर्दनाक घटना के बाद अब एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। ग्रामीणों और मृतक के परिचितों के अनुसार श्याम नागेन्द्र ने घटना के एक दिन पहले अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावुक स्टेटस लगाया था। बताया जा रहा है कि स्टेटस में उसने जीवन से निराशा और दर्द भरे शब्द लिखे थे। हालांकि पुलिस द्वारा आधिकारिक रूप से स्टेटस की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन गांव में इसकी चर्चा जोरों पर है। ग्रामीणों का कहना है कि स्टेटस देखने के बाद अब लोगों को लग रहा है कि मृतक लंबे समय से किसी मानसिक तनाव या पारिवारिक परेशानी से जूझ रहा था। कई लोगों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से वह काफी शांत और चिंतित दिखाई देता था। हालांकि उसने अपनी परेशानी खुलकर किसी को नहीं बताई। गांव में छाया मातम, हर आंख से शोक में निकली आंसुओं कि धारा घटना के बाद पूरे लाखीटोला और जराहमोहगांव में शोक का माहौल बना हुआ है। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव स्तब्ध है। जिन बच्चों की किलकारियां कुछ दिन पहले तक गांव में गूंजती थीं, उनकी मौत ने हर किसी को भीतर तक तोड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस तरह की दर्दनाक घटना पहले कभी नहीं देखी। पुलिस ने शुरू की जांच कटंगी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद, आर्थिक परेशानी या मानसिक तनाव में से कौन-सा कारण जिम्मेदार रहा। ग्रामीणों ने जताया दुख घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। लोगों ने कहा कि यदि समय रहते उसकी परेशानी सामने आ जाती तो शायद यह बड़ा हादसा टल सकता था। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग भी की है। गांव के युवाओं ने कहा कि आज के समय में मानसिक तनाव और पारिवारिक दबाव तेजी से बढ़ रहे हैं। कई लोग अपनी परेशानियों को भीतर ही भीतर सहते रहते हैं और अंत में ऐसा खौफनाक कदम उठा लेते हैं। लोगों ने समाज से अपील की कि किसी भी व्यक्ति के व्यवहार में बदलाव दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न किया जाए और समय रहते उसकी मदद की जाए। क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी घटना जराहमोहगांव की यह घटना अब पूरे कटंगी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को लेकर दुख व्यक्त कर रहे हैं। मासूम बच्चों की मौत ने लोगों को सबसे ज्यादा झकझोर दिया है। हर कोई यही कह रहा है कि आखिर उन मासूम बच्चों की क्या गलती थी, जिन्हें इस दुनिया को ठीक से देखने का मौका भी नहीं मिला।
मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के बुजुर्गों ने बताया कि श्याम नागेन्द्र मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह सामान्य स्वभाव का व्यक्ति माना जाता था, लेकिन पिछले कुछ समय से वह परेशान रहने लगा था।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज कर रही है। वहीं मृतक के मोबाइल और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा सकती है।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है। मानसिक तनाव, पारिवारिक समस्याएं और अकेलापन आज समाज की बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। जरूरत इस बात की है कि लोग एक-दूसरे की भावनाओं को समझें और संकट में घिरे लोगों को समय रहते सहारा दें। फिलहाल गांव में शोक का माहौल है और अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर गहरी संवेदना व्यक्त की जा रही है।
हरियाणा: पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में दो शातिर वाहन चोर हुए गिरफ्तार
हरियाणा: एडीसी लक्षित सरीन हुई सख्त, पोर्टल पर लंबित कार्य जल्द निपटाने के दिए निर्देश
राजस्थान: मज्जिनेन्द्र वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आगाज, 14 मई को निकलेगी भव्य रथयात्रा
उत्तर प्रदेश: आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली का कहर, 18 लोगों की गई जान
उत्तर प्रदेश: 4 गांवों को बड़ी सौगात, ओवरफ्लो समस्या से मिलेगी राहत
उत्तर प्रदेश: मंत्री सुरेश खन्ना साइकिल से पहुंचे कार्यालय, दिया पर्यावरण व स्वास्थ्य का संदेश