-
☰
राजस्थान: मेघवाल विकास समिति ने उठाए सामाजिक मुद्दे, बाबू जगजीवन राम छात्रावास और एससी-एसटी सेल गठन की रखी मांग
- Photo by : social media
विस्तार
राजस्थान: कोटपूतली-बहरोड़ मेघवाल विकास समिति, जिला कोटपूतली-बहरोड़ के जिलाध्यक्ष एडवोकेट सुबेसिंह मोरोडिया ने जिला कलेक्टर अपर्णा अरोड़ा से मुलाकात कर अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बहरोड़ में बाबू जगजीवन राम छात्रावास के लिए आरक्षित भूमि का जल्द आवंटन कराने और जिले में एससी-एसटी अत्याचार निवारण सेल गठित करने की मांग रखी। एडवोकेट मोरोडिया ने जिला कलेक्टर को बताया कि बाबू जगजीवन राम छात्रावास निर्माण के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। उन्होंने कहा कि छात्रावास बनने से ग्रामीण और दूर-दराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और उन्हें रहने की समस्या से राहत मिलेगी। बैठक में नीमराना क्षेत्र में अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज के लोगों से जुड़े अत्याचार के मामलों पर भी चिंता जताई गई। समिति की ओर से जिले में अलग से एससी-एसटी अत्याचार निवारण सेल गठित करने की मांग की गई, ताकि ऐसे मामलों की प्रभावी निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। जिला कलेक्टर अपर्णा अरोड़ा ने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि छात्रावास के लिए भूमि आवंटन संबंधी रिपोर्ट तैयार कर जल्द ही डीएलबी को भेजी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में एससी-एसटी अत्याचार निवारण सेल के गठन को लेकर राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। मेघवाल विकास समिति ने जिला प्रशासन के आश्वासन पर संतोष जताते हुए सामाजिक न्याय और शिक्षा से जुड़े इन मुद्दों पर जल्द कार्रवाई की उम्मीद व्यक्त की।