-
☰
राजस्थान: 3.50 लाख रुपये की लागत से बने वॉटर कूलर का हुआ लोकार्पण, राहगीरों को मिलेगी शीतल जल की सुविधा
- Photo by : social media
विस्तार
राजस्थान: कोटपूतली भीषण गर्मी में राहगीरों और आमजन को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोटपूतली के नगर परिषद पार्क के मुख्य द्वार पर नवनिर्मित वॉटर कूलर एवं कक्ष का भव्य लोकार्पण किया गया। करीब 3.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस जनोपयोगी सुविधा का निर्माण स्थानीय भामाशाह रामकुमार बंसल, मनीष कुमार बंसल और जितेश कुमार बंसल ने स्वर्गीय श्रीमती कलावती देवी की स्मृति में करवाया है। इस पहल को श्री श्याम सेवा परिवार, कोटपूतली की प्रेरणा से साकार किया गया। शुक्रवार को आयोजित समारोह में डीएसपी लक्ष्मी सुथार, थानाधिकारी राजेश शर्मा और समाजसेवी अशोक बंसल ने फीता काटकर तथा शिलापट्ट का अनावरण कर वॉटर कूलर को जनसेवा के लिए समर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान श्री श्याम सेवा परिवार की ओर से भामाशाहों का साफा और माला पहनाकर सम्मान किया गया, जबकि भामाशाह परिवार ने अतिथियों का साफा, माला और बुके भेंटकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर डीएसपी लक्ष्मी सुथार ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण है। ऐसे कार्य न केवल लोगों को राहत पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में सहयोग और सेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं। वहीं थानाधिकारी राजेश शर्मा ने कहा कि जनहित में किए गए कार्य हमेशा दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं और समाज के सक्षम लोगों को भी इस तरह की लोक-कल्याणकारी पहल में आगे आना चाहिए। समाजसेवी अशोक बंसल ने बंसल परिवार की इस पहल को सामाजिक सरोकारों की उत्कृष्ट मिसाल बताते हुए कहा कि प्रत्येक सक्षम नागरिक को अपनी सामर्थ्य के अनुसार समाजहित के कार्यों में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों, भामाशाहों और श्री श्याम सेवा परिवार के सदस्यों ने नगर परिषद पार्क परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प भी लिया। समारोह में श्री श्याम सेवा परिवार के पदाधिकारियों सहित क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।