Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: प्रयागराज में मिलेट्स महोत्सव और कृषक जागरूकता गोष्ठी हुई आयोजित

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Indresh Kumar Pandey , Date: 28/10/2026 01:25:10 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Indresh Kumar Pandey ,
  • Date:
  • 28/10/2026 01:25:10 pm
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: प्रयागराज जिला पंचायत सभागार में मंगलवार को एक दिवसीय मिलेट्स महोत्सव एवं कृषक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी और कोरांव विधायक राजमणि कोल सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में किसानों को मोटे अनाज की खेती, मृदा परीक्षण और कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई। कृषि वैज्ञानिक मनीष कुमार ने किसानों को ज्वार, बाजरा, रागी, कोदो और कुटकी जैसे मोटे अनाज के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इन फसलों में पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। साथ ही इनकी खेती कम पानी और कम खाद में भी की जा सकती है। उन्होंने किसानों को समय पर बुवाई, बीज शोधन, उर्वरक प्रबंधन और खरपतवार नियंत्रण की जानकारी दी। राष्ट्रीय खाद्य एवं पोषण मिशन के सलाहकार सुरेश कुमार दूबे ने कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जिले में 23 बीज भंडार और 23 कृषि रक्षा इकाइयां संचालित हैं। किसानों को बीज और कृषि रक्षा रसायनों पर मिलने वाले अनुदान का लाभ लेने के लिए विभागीय पोर्टल पर पंजीकरण कराना आवश्यक है।

उप कृषि निदेशक पवन कुमार विश्वकर्मा ने किसानों को मिलेट्स की खेती के लिए प्रेरित किया। मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। विधायक राजमणि कोल ने किसानों से मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने की अपील की। वहीं, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी ने किसानों को कृषि योजनाओं की जानकारी देने और किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया। कृषि विशेषज्ञ डॉ. योगेश श्रीवास्तव ने मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का इस्तेमाल करने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान चामू ऑर्गेनिक एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी को फार्म मशीनरी बैंक की चाबी सौंपी गई। श्रीमती राजकुमारी को कंबाइन हार्वेस्टर विद सुपर सीडर की चाबी दी गई। इसके अलावा किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, सोलर ट्रैप और सरसों मिनीकिट वितरित किए गए। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, कृषि सखियां और जिले के किसान मौजूद रहे। संचालन प्रीति त्रिपाठी ने किया। अंत में सहायक निदेशक मृदा परीक्षण ने सभी का आभार व्यक्त किया।


Featured News