-
☰
उत्तर प्रदेश: मतदाता सूची में गड़बड़ी पर एसडीएम हुए सख्त, लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की दी चेतावनी
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: कोरांव निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को कोरांव तहसील सभागार में उप जिलाधिकारी ठाकुर प्रसाद की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें पुनरीक्षण कार्य में लगे सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एआरओ) और बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) शामिल हुए। बैठक में एसडीएम ने सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची तैयार करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता का नाम एक ही विधानसभा क्षेत्र की सूची में दो बार दर्ज नहीं होना चाहिए। डुप्लीकेट नाम मिलने पर संबंधित बीएलओ की जिम्मेदारी तय की जाएगी। एसडीएम ने निर्देश दिया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। इसके लिए फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। वहीं, मृत, दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 का उपयोग पूरी जांच और सावधानी के साथ किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी गांव से मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर संबंधित सुपरवाइजर और बीएलओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। सभी कर्मचारियों को घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य पूरा करने और अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने बीएलओ को बीएलओ ऐप का नियमित उपयोग करने और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट ऑनलाइन दर्ज करने को भी कहा, ताकि पुनरीक्षण कार्य की निगरानी की जा सके और मतदाता सूची में त्रुटियों को समय रहते दूर किया जा सके।
मध्य प्रदेश: धामनोद में बिजली के खंभे पर काम करते कर्मचारी, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
उत्तर प्रदेश: डीएवी फर्टिलाइज़र पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने नेशनल स्पोर्ट्स में जीते 42 पदक
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर में डस्टबिन वितरण कर लोगों को स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक
उत्तर प्रदेश: सोनभद्र में जनगणना-2027 को लेकर जागरूकता रैली का हुआ आयोजन