-
☰
छत्तीसगढ़: कोरबा में अवैध कबाड़ सिंडिकेट पर पुलिस की कार्रवाई, शिकायतकर्ता पर धारा 110 लगाने से उठे सवाल
- Photo by : social media
विस्तार
छत्तीसगढ़: ऊर्जाधानी कोरबा में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध कबाड़ से लदे कई वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। इस कार्रवाई के बीच मामला उस समय चर्चा में आ गया, जब अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ शिकायत करने वाले समाजसेवी गुलाम मेमन पर ही पुलिस ने धारा 110 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर दी। इसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, समाजसेवी गुलाम मेमन ने जिले में कथित तौर पर चल रहे अवैध कबाड़ कारोबार और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ बिलासपुर रेंज के आईजी और कोरबा पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी। शिकायत में उन्होंने अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के बाद पुलिस ने कबाड़ से लदे वाहनों पर कार्रवाई शुरू की और कई वाहनों को जब्त किया। फिलहाल पुलिस जब्त किए गए वाहनों में लदे कबाड़ के ई-वे बिल, माल के स्वामित्व और परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। पुलिस की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है। वहीं, शिकायतकर्ता गुलाम मेमन का कहना है कि अवैध कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने के बाद उन्हीं के खिलाफ धारा 110 की कार्रवाई किया जाना समझ से परे है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कोई नागरिक अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाता है, तो क्या उसके खिलाफ ही कार्रवाई की जाएगी। मेमन का कहना है कि इस कार्रवाई से उनके हौसले कम नहीं होंगे और वह आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाते रहेंगे। दूसरी ओर, पुलिस ने शिकायतकर्ता के आरोपों से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि धारा 110 के तहत की गई कार्रवाई किसी बदले की भावना से नहीं, बल्कि कानून और नियमों के तहत की गई है। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई का उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखना और निष्पक्ष तरीके से नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। अब इस पूरे मामले में एक तरफ अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है, तो दूसरी तरफ शिकायतकर्ता पर हुई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आने वाले समय में पुलिस की जांच और उसके आधार पर होने वाली कार्रवाई से इस पूरे मामले की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश: म्योरपुर में 17 सितंबर को लगेगा महा रक्तदान शिविर
उत्तर प्रदेश: मिर्जापुर में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में 21 वर्षीय युवक हुआ गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश: मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, वांछित आरोपी को किया गया गिरफ्तार
मध्य प्रदेश: सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई, तहसीलदार ने बनाई 5 सूत्रीय रणनीति