-
☰
दिल्ली: छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सपा ने किया प्रदर्शन, तहसील तक पैदल मार्च कर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
- Photo by : social media
विस्तार
दिल्ली: छात्रों पर कथित लाठीचार्ज की घटना के विरोध में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आल्हा चौक से सदर तहसील तक पैदल मार्च निकालकर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद सदर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग उठाई। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। सपा नेताओं ने पेपर लीक के मामलों को लेकर भी केंद्र और प्रदेश सरकार को घेरा। उनका आरोप था कि लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम रही है। प्रदर्शन की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। यह पूरा मामला शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित सदर तहसील परिसर का है।