Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: निवेश में भारी मुनाफे का झांसा देकर 18.50 लाख की हुई ठगी, महाराष्ट्र से आरोपी हुआ गिरफ्तार

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 10/09/2026 10:57:17 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 10/09/2026 10:57:17 am
Share:

विस्तार

हरियाणा: हांसी ऑनलाइन निवेश और शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर 18.50 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में हांसी साइबर थाना पुलिस ने महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.10 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से पीड़ित से संपर्क कर उसे निवेश के नाम पर अपने जाल में फंसाया था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक देवदिगा पुत्र श्रीनिवास देवदिगा निवासी न्यू पनवेल वेस्ट, जिला रायगढ़, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। सहायक उप निरीक्षक रामबिलास के अनुसार, मई 2025 में आरोपी ने हांसी निवासी एक व्यक्ति से फेसबुक के जरिए संपर्क कर दोस्ती की। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी।

आरोपी ने पीड़ित को USDT और शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर कम समय में अच्छा खासा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। उसके झांसे में आकर पीड़ित ने एक ऑनलाइन ट्रेडिंग अकाउंट बनवाया। इसके बाद जून से अगस्त 2025 के बीच आरोपी द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 18 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। रुपये जमा करने के बाद जब पीड़ित को अपेक्षित लाभ नहीं मिला और उसे ठगी का संदेह हुआ, तो उसने मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना हांसी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र पहुंचकर अशोक देवदिगा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 1 लाख 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों की भी जांच कर रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों के संपर्क में आने के बाद उनके बताए किसी भी निवेश या ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर बिना सत्यापन के पैसा ट्रांसफर न करें। शेयर बाजार, क्रिप्टोकरेंसी या USDT में असामान्य रूप से अधिक मुनाफे का दावा करने वाली योजनाओं से सावधान रहें और साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या NCRP के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं।


Featured News