Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: तोशाम में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का हुआ शुभारंभ, ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ बनी थीम

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 10/09/2026 10:55:09 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 10/09/2026 10:55:09 am
Share:

विस्तार

हरियाणा: तोशाम महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 की शुरुआत की गई। 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य लोगों को पोषण, स्वास्थ्य और बच्चों के बेहतर विकास के प्रति जागरूक करना है। इस वर्ष अभियान की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। एसडीएम संदीप कुमार के मार्गदर्शन तथा डीपीओ मंजू राणा और सीडीपीओ किरण के निर्देशन में तोशाम उपमंडल के गांव संडवा, बुसान सहित विभिन्न क्षेत्रों में पोषण माह को जनभागीदारी के साथ अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि आंगनवाड़ी केंद्रों को केवल सरकारी सुविधा केंद्र न मानकर समुदाय की भागीदारी वाले पोषण और स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।

सुपरवाइजर पंकज और मनोज ने बताया कि अभियान के दौरान जीवन के पहले 1000 दिनों के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही संतुलित एवं पौष्टिक आहार को बढ़ावा देने पर विशेष जोर रहेगा। लोगों को भोजन में स्थानीय मोटे अनाज यानी श्री अन्न, दालें, हरी सब्जियां, फल और दूध जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण वाटिका और लाइव रेसिपी प्रदर्शन जैसी गतिविधियां भी आयोजित होंगी। अभियान के तहत बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा और गर्म भोजन उपलब्ध कराने, साप्ताहिक मेनू के अनुसार भोजन में विविधता बनाए रखने तथा इसकी निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। वहीं सरपंचों, अभिभावकों और समुदाय के सदस्यों की भागीदारी बढ़ाकर आंगनवाड़ी प्रबंधन समितियों को सक्रिय करने का प्रयास किया जाएगा।

0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए खेल आधारित गतिविधियों तथा होम विजिट को भी अभियान का हिस्सा बनाया गया है। इसके अलावा सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के शत-प्रतिशत पंजीकरण और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर रहेगा। पोषण माह के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों पर अन्नप्राशन दिवस, गोद भराई, सुपोषण दिवस, पोषण मेले और कुपोषित बच्चों के वजन की जांच सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने माताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और युवाओं से अपील की कि वे अपने आसपास के आंगनवाड़ी केंद्रों से जुड़कर अभियान में सक्रिय भागीदारी करें। अधिकारियों ने कहा कि जनसहयोग से ही ‘सुपोषित हरियाणा-स्वस्थ हरियाणा’ के लक्ष्य को प्रभावी रूप से हासिल किया जा सकता है।


Featured News