-
☰
हरियाणा: विश्व उद्यमिता दिवस पर HAU में सजेगा कृषि नवाचारों का मंच, स्टार्टअप प्रदर्शनी में दिखेंगे आधुनिक कृषि उत्पाद
- Photo by : SOCIAL MEDIA
विस्तार
हरियाणा: हिसार चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के एग्री-बिजनेस इन्क्यूबेशन सेंटर (एबिक) की ओर से विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर 20 अगस्त को विशेष कार्यक्रम और स्टार्टअप प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगारदाता बनने के लिए प्रेरित करना है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज ने बताया कि प्रदर्शनी में नई सोच, आधुनिक तकनीक और नए उद्यमों की झलक देखने को मिलेगी। यहां विभिन्न स्टार्टअप द्वारा कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, पशुपालन, जैविक खेती और कृषि मशीनरी से जुड़े उत्पाद एवं तकनीकें प्रदर्शित की जाएंगी। प्रदर्शनी में गुड़ और अनाज से तैयार खाने योग्य कप आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इन कपों में आइसक्रीम, कॉफी और अन्य खाद्य पदार्थों का सेवन करने के बाद इन्हें बिस्किट की तरह खाया भी जा सकता है। इसके अलावा कम पानी में पौधों की बेहतर वृद्धि के लिए विकसित विशेष गमले भी प्रदर्शित किए जाएंगे। स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े उत्पादों में माइक्रोग्रीन्स, मिलेट आधारित उत्पाद, वेगन बार, प्रोटीन पाउडर, शहद से तैयार विनेगर और पंचगव्य आधारित उत्पाद शामिल होंगे। किसानों के लिए पौध पोषण एवं उर्वरक संबंधी उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण और पल्प तैयार करने वाली मशीनरी तथा आधुनिक कृषि ड्रोन तकनीक भी प्रदर्शनी में देखने को मिलेगी। एबिक की ओर से नए विचारों को स्टार्टअप में बदलने के इच्छुक युवाओं और उद्यमियों को मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। नए स्टार्टअप कार्यक्रमों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 10 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। पात्रता और आवेदन से जुड़ी विस्तृत जानकारी HAU की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। कार्यक्रम 20 अगस्त को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मौलिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में आयोजित होगा। एबिक के निदेशक डॉ. राजेश गेरा ने हिसार और आसपास के किसानों, विद्यार्थियों, युवाओं तथा उद्यमियों से प्रदर्शनी में अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने बताया कि आगंतुक आधुनिक तकनीकों और उत्पादों को देखने के साथ-साथ स्टार्टअप संचालकों से सीधे संवाद कर व्यावसायिक अवसरों की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
राजस्थान: डिग्गी लक्खी मेले को लेकर प्रशासन हुआ अलर्ट, अनुमति प्रक्रिया पर पदयात्रा संघ ने उठाए सवाल
उत्तर प्रदेश: चौका नदी में डूबने से 12 वर्षीय किशोर की हुई मौत, गांव में मचा कोहराम
उत्तर प्रदेश: पुलिस कमिश्नर के आश्वासन के बाद किसान संघर्ष मोर्चा का आंदोलन हुआ स्थगित
झारखंड: बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए युवा समूह ने DPRO को सौंपा 8 सूत्री ज्ञापन