Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: जींद में अवैध पिस्तौल के साथ युवक गिरफ्तार, सीआईए सफीदों ने की कार्रवाई

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 10/09/2026 10:16:24 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 10/09/2026 10:16:24 am
Share:

संक्षेप

हरियाणा: जींद जिले में अवैध हथियार रखने और उनका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

विस्तार

हरियाणा: जींद जिले में अवैध हथियार रखने और उनका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत सीआईए सफीदों की टीम ने बहादुरपुर गांव के पास एक युवक को अवैध पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर की पिस्तौल बरामद की है। पुलिस के अनुसार सीआईए सफीदों प्रभारी उप निरीक्षक राधेश्याम के नेतृत्व में टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार लेकर बहादुरपुर गांव से उरलाना कलां की ओर जाने वाला है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए मार्ग पर निगरानी बढ़ा दी।

कुछ देर बाद पुलिस को संदिग्ध हुलिए का एक युवक दिखाई दिया। टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास से .32 बोर की एक पिस्तौल बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि बरामद हथियार में उस समय कोई कारतूस नहीं था। पूछताछ में आरोपी की पहचान सूरज उर्फ काकू निवासी उरलाना कलां, जिला पानीपत के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी हथियार रखने से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने पिस्तौल को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया के तहत सील कर दिया। आरोपी के खिलाफ थाना सदर सफीदों में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपी से हथियार रखने के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जींद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी व्यक्ति के अवैध हथियार रखने या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि में शामिल होने की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


Featured News