Contact for Advertisement 9919916171


 झारखंड: गिरिडीह में ‘मिलाप बैठक’, बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा के मुद्दों पर हुई चर्चा

- Photo by : social media

झारखंड  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 10/09/2026 10:44:23 am Share:
  • झारखंड
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 10/09/2026 10:44:23 am
Share:

संक्षेप

झारखंड: गिरिडीह जागो फाउंडेशन द्वारा क्राई (CRY) के सहयोग से बुधवार को अकदोनी खुर्द पंचायत भवन में किशोरियों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ ‘मिलाप बैठक’ का आयोजन किया गया।

विस्तार

झारखंड: गिरिडीह जागो फाउंडेशन द्वारा क्राई (CRY) के सहयोग से बुधवार को अकदोनी खुर्द पंचायत भवन में किशोरियों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ ‘मिलाप बैठक’ का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के बीच संवाद और विश्वास को मजबूत करना तथा बच्चों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर सहयोगात्मक वातावरण तैयार करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत जागो फाउंडेशन की नीलम देवी द्वारा सभी अतिथियों, किशोरियों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद जागो फाउंडेशन की किरण वर्मा ने मिलाप बैठक के उद्देश्य और इसकी आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा एवं विकास से जुड़े कई मुद्दे पंचायत स्तर तक प्रभावी रूप से नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे में बच्चों और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच नियमित संवाद आवश्यक है।


जागो फाउंडेशन के बिरेन्द्र कुमार वर्मा ने बैठक के उद्देश्य एवं अपेक्षित परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर बच्चों से संबंधित समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए एक सुलभ एवं भरोसेमंद मंच तैयार करने की आवश्यकता है। उन्होंने मुखिया एवं वार्ड सदस्यों से आग्रह किया कि पंचायत की बैठकों एवं अन्य सामुदायिक मंचों पर बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा, बाल विवाह, बाल श्रम, विद्यालय से जुड़ी समस्याओं तथा किशोरियों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ सुना जाए।
उन्होंने कहा कि पंचायत, विद्यालय और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय से बच्चों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समयबद्ध समाधान संभव है। मिलाप बैठक इसी साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अवधारणा पत्र के अनुसार, ऐसी बैठकें बच्चों को अपनी समस्याएं एवं सुझाव साझा करने का अवसर देने तथा PRI प्रतिनिधियों को बच्चों के मुद्दों के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से आयोजित की जाती हैं।


बैठक में अकदोनी खुर्द पंचायत के मुखिया ने बच्चों से जुड़े मुद्दों को पंचायत स्तर पर प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि पंचायत द्वारा बच्चों की समस्याओं को सुनने, संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के साथ समन्वय करने तथा उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से समाधान की दिशा में प्रयास किया जाएगा। उन्होंने मिलाप बैठक में उठाए गए सुझावों पर अमल करने का आश्वासन भी दिया। बैठक के दौरान किशोरियों और अभिभावकों ने शिक्षा, सुरक्षा, किशोरियों की आवश्यकताओं तथा बच्चों से संबंधित विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। सभी प्रतिभागियों ने बच्चों की बात को पंचायत स्तर पर सुनने और उनके अधिकारों एवं शिक्षा से जुड़े मुद्दों के समाधान में सामूहिक भूमिका निभाने पर सहमति व्यक्त की।


कार्यक्रम में अकदोनी खुर्द पंचायत के सभी वार्ड सदस्य तथा 30 से अधिक किशोरियां एवं अभिभावक शामिल हुए। मिलाप बैठक में बच्चों की शिक्षा की निरंतरता, किशोरियों की शिक्षा एवं सुरक्षा, बाल विवाह एवं बाल श्रम की रोकथाम तथा बाल-अनुकूल पंचायत वातावरण निर्माण जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। ये विषय मिलाप बैठक के प्रमुख चर्चा बिंदुओं में भी शामिल हैं। कार्यक्रम के अंत में पंचायत प्रतिनिधियों, किशोरियों एवं अभिभावकों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि बच्चों की समस्याओं को अनसुना नहीं किया जाएगा तथा पंचायत, विद्यालय, परिवार और समुदाय के संयुक्त प्रयासों से बच्चों के लिए सुरक्षित, सहयोगात्मक एवं बाल-अनुकूल वातावरण बनाने का प्रयास किया जाएगा।


Featured News