-
☰
झारखण्ड: विधायक शशिभूषण मेहता ने कोयल अपेरल पार्क का किया निरीक्षण
- Photo by : social media
संक्षेप
झारखण्ड: चैनपुर पांकी विधानसभा क्षेत्र के विधायक Shashi Bhushan Mehta ने मंगलवार को चैनपुर स्थित कोयल अपेरल पार्क का निरीक्षण कर वहां संचालित सिलाई एवं परिधान उत्पादन कार्यों का जायजा लिया।
विस्तार
झारखण्ड: चैनपुर पांकी विधानसभा क्षेत्र के विधायक Shashi Bhushan Mehta ने मंगलवार को चैनपुर स्थित कोयल अपेरल पार्क का निरीक्षण कर वहां संचालित सिलाई एवं परिधान उत्पादन कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उत्पादन इकाई में कार्यरत महिलाओं से बातचीत की, उनकी कार्यशैली को नजदीक से देखा और उनके कौशल, समर्पण तथा मेहनत की सराहना करते हुए महिला शक्ति को नमन किया।विधायक ने कहा कि कोयल अपेरल पार्क ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक अनुकरणीय एवं प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं अपने हुनर और परिश्रम के दम पर बड़े राष्ट्रीय ब्रांडों के लिए गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार कर रही हैं, जो पूरे पलामू जिले के लिए गर्व का विषय है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने उत्पादन इकाई में चल रहे कार्यों को बारीकी से देखा। उन्हें बताया गया कि वर्तमान में यहां महिलाओं द्वारा Dixcy Scott कंपनी के पुरुषों के अंडरगार्मेंट्स का उत्पादन किया जा रहा है। महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की गुणवत्ता और कार्य के प्रति उनकी गंभीरता से विधायक काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने कहा कि यह साबित करता है कि यदि ग्रामीण महिलाओं को उचित प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि कोयल अपेरल पार्क जैसी इकाइयां केवल रोजगार का माध्यम नहीं हैं, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, परिवारों की आय बढ़ाने और सामाजिक परिवर्तन लाने का भी प्रभावी माध्यम हैं। ऐसी योजनाओं से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे परिवार के साथ-साथ समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। विधायक शशिभूषण मेहता ने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों में इस प्रकार की सिलाई एवं उत्पादन इकाइयों की स्थापना की जानी चाहिए ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को अपने घर के नजदीक ही रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। उन्होंने अपने पांकी विधानसभा क्षेत्र में भी इसी तरह की उत्पादन इकाई स्थापित करने की इच्छा व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक पहल करने का सुझाव दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मनातू की बीपीएम नम्रता से विशेष रूप से बातचीत की और मनातू प्रखंड में भी सिलाई उत्पादन इकाई स्थापित करने तथा महिलाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार आएगा तथा आत्मनिर्भर भारत के सपने को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर जिला प्रबंधक नवल किशोर राजू ने विधायक को कोयल अपेरल पार्क की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण व्यवस्था, उत्पादन प्रक्रिया, विपणन प्रणाली तथा महिलाओं को मिलने वाले रोजगार और आय संबंधी लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह इकाई ग्रामीण महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ नियमित आय का स्रोत भी प्रदान कर रही है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। निरीक्षण के दौरान बीपीएम वैभव कांत आदर्श, ट्राइफ (TRIF) की क्वीन बौरा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद रहे। सभी ने महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण रोजगार सृजन की दिशा में इस पहल को महत्वपूर्ण बताते हुए इसके विस्तार पर बल दिया। कोयल अपेरल पार्क का यह मॉडल वर्तमान समय में ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता, रोजगार और सम्मानजनक आजीविका का एक सफल उदाहरण बनकर उभर रहा है, जिसकी सराहना अब जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर भी की जा रही है।