Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: संपूर्ण समाधान दिवस में 79 शिकायतें पहुंचीं, मौके पर केवल 2 का हुआ निस्तारण

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 07/07/2026 11:38:11 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 07/07/2026 11:38:11 am
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: फर्रुखाबाद जिले की सदर तहसील में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां जिलाधिकारी अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने स्वयं उपस्थित होकर आमजन की समस्याएं सुनीं। दोपहर तक चली जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 79 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से केवल 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया जा सका। सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त हुईं। समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी अंकुर लाठर ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

भूमि विवादों और आपसी झगड़ों के मामलों को लेकर जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच के आधार पर समाधान किया जाए। साथ ही निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण कर उसकी रिपोर्ट ऑनलाइन पोर्टल पर भी अपलोड करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 36, पुलिस विभाग की 21, चिकित्सा विभाग की 4, विकास विभाग की 3, विद्युत विभाग की 3 तथा अन्य विभागों की 12 शिकायतें शामिल रहीं। कुल 79 शिकायतों में से मौके पर केवल दो मामलों का समाधान हो सका, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, उप जिलाधिकारी (सदर) गजराज सिंह, तहसीलदार विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने कहा कि जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण और पारदर्शी कार्यप्रणाली को प्राथमिकता देते हुए शिकायतों की लगातार निगरानी की जाएगी।