-
☰
उत्तर प्रदेश: डीएवी फर्टिलाइज़र पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने नेशनल स्पोर्ट्स में जीते 42 पदक
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स 2026 में डीएवी फर्टिलाइज़र पब्लिक स्कूल, बबराला के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 42 पदक जीते। इनमें 19 स्वर्ण, 9 रजत और 14 कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 26 अक्टूबर तक दिल्ली और नोएडा के विभिन्न स्टेडियमों में किया गया, जिसमें देशभर के डीएवी विद्यालयों के करीब 27 हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 24 अक्टूबर को मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी ने किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बिलियर्ड्स प्रतियोगिता में मोहम्मद इब्राहिम ने अंडर-14 बालक वर्ग, मैशा ने अंडर-14 बालिका वर्ग और तनिष्क चौहान ने अंडर-19 बालक वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। गौरी ने अंडर-17 बालिका वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। विद्यालय ने बिलियर्ड्स में अंडर-14 बालक और अंडर-17 बालिका वर्ग की ओवरऑल विजेता ट्रॉफी भी जीती। अंडर-19 बालक वर्ग में विद्यालय को तीसरा स्थान मिला। एथलेटिक्स में अमित ने अंडर-17 लंबी कूद, आयुष ने अंडर-19 चक्का फेंक और शिव प्रताप ने अंडर-19 लंबी कूद में स्वर्ण पदक हासिल किए। मृदुल ने गोला फेंक और मुदित ने भाला फेंक में कांस्य पदक जीते। फुटबॉल में विद्यालय की अंडर-14 बालिका टीम ने स्वर्ण और अंडर-17 बालिका टीम ने रजत पदक प्राप्त किया। वहीं, अंडर-19 बालिका नेटबॉल टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। 26 अक्टूबर को नोएडा स्टेडियम में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य आनंद स्वरूप सारस्वत ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों के अभ्यास, मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। विद्यालय के चेयरमैन एवं यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एम.एस. प्रसाद ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर खुशी जताई और उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। खिलाड़ियों की सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।