-
☰
उत्तर प्रदेश: सोनभद्र में जनगणना-2027 को लेकर जागरूकता रैली का हुआ आयोजन
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सोनभद्र जनगणना-2027 के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर से रैली निकाली गई। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर बरौली चौराहे तक पहुंची। इस दौरान लोगों को जनगणना के महत्व और इसमें सहयोग करने की अपील की गई। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को समझने के साथ विकास योजनाएं बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जनगणना के दौरान प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि आंकड़े सटीक रहें। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस दौरान लोग निर्धारित पोर्टल पर 40 प्रश्नों के उत्तर भरकर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना की जाएगी। पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य होगा। प्रशासन ने जनपदवासियों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार जनगणना में भाग लेने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। कार्यक्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।