Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: तहसील मुख्यालय दुद्धीनगर स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की दरकार, रोज गुजरती हैं कई ट्रेनें

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Indresh Kumar Pandey , Date: 10/09/2026 11:05:20 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Indresh Kumar Pandey ,
  • Date:
  • 10/09/2026 11:05:20 am
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: सोनभद्र तहसील मुख्यालय होने के बावजूद दुद्धीनगर रेलवे स्टेशन आज भी यात्री सुविधाओं और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव के मामले में पिछड़ा हुआ है। चार राज्यों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रेलमार्ग पर स्थित इस स्टेशन से रोजाना कई लंबी दूरी की ट्रेनें गुजरती हैं, लेकिन यहां किसी भी प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित ठहराव नहीं होने से क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुद्धी तहसील मुख्यालय के साथ-साथ न्यायालय, आईटीआई, डिग्री कॉलेज, इंटर कॉलेज और विभिन्न सरकारी कार्यालयों का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में रोजाना बड़ी संख्या में कर्मचारी, विद्यार्थी, अधिवक्ता और आम नागरिक यहां आवागमन करते हैं। एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की सुविधा नहीं होने के कारण लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को रेणुकूट या गढ़वा रोड जैसे स्टेशनों का सहारा लेना पड़ता है। इससे उनका अतिरिक्त समय और पैसा दोनों खर्च होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन के सामने से लंबी दूरी की ट्रेनें गुजर जाती हैं, लेकिन यात्रियों के लिए उनका लाभ उठाने का विकल्प उपलब्ध नहीं है। क्षेत्रवासी लंबे समय से दुद्धीनगर स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग करते आ रहे हैं। इस संबंध में सांसद, विधायक और डीआरएम धनबाद को कई बार ज्ञापन भी दिए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका है।

क्षेत्रीय लोगों ने 11632 भोपाल एक्सप्रेस और 12873 झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को सबसे प्रमुख बताया है। इसके अलावा 08611 अजमेर एक्सप्रेस, 12453 राजधानी एक्सप्रेस, 13025 हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस, 19607 कोलकाता एक्सप्रेस, 18009 संतरागाछी एक्सप्रेस और 19414 कोलकाता-अजमेर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के ठहराव की मांग भी उठाई जा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दुद्धीनगर स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव होने से न केवल दुद्धी तहसील क्षेत्र, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों के हजारों यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए दूसरे स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। क्षेत्रीय जनता ने रेल मंत्रालय और रेलवे प्रशासन से जनहित में जल्द निर्णय लेने की मांग की है। नगरवासियों ने कहा कि यदि लंबे समय से चली आ रही मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रीय लोग आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। लोगों ने कहा कि रेलवे प्रशासन को यात्रियों की सुविधा और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए दुद्धीनगर स्टेशन पर कम से कम प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था करनी चाहिए।


Featured News