-
☰
उत्तर प्रदेश: नौ दिवसीय श्री 1008 शांतिनाथ महामंडल विधान का हुआ शुभारंभ
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: अष्टाह्निका महापर्व के पावन अवसर पर रामपुर मनिहारान जैन समाज प्रबंधकारिणी समिति के तत्वावधान में मंगलवार से नौ दिवसीय श्री 1008 शांतिनाथ महामंडल विधान का भव्य शुभारंभ हुआ। यह धार्मिक आयोजन आचार्य श्री 108 भारत भूषण जी महाराज के सानिध्य में बड़े जैन मंदिर में संपन्न हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल भगवान श्री शांतिनाथ के अभिषेक एवं शांतिधारा से हुई। इस अवसर पर नवीन कुमार जैन एवं उषा जैन को सौधर्म इंद्र बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। वहीं ध्वजारोहण का सम्मान सुलेख चंद जैन, सुधीर कुमार जैन और ललित जैन को मिला। इसके बाद नित्य नियम पूजा संपन्न हुई और विधिवत विधान की धार्मिक क्रियाएं प्रारंभ की गईं। विधान के दौरान आकर्षक एवं भव्य समवशरण की रचना की गई, जिसकी गंधकुटी में भगवान जिनेंद्र की प्रतिमा विराजमान की गई। कार्यक्रम में इंद्र-इंद्राणी की भूमिका निभा रहे महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से नृत्य कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर अपने प्रवचन में आचार्य श्री भारत भूषण जी महाराज ने कहा कि अष्टाह्निका महापर्व जैन धर्म के प्रमुख पर्वों में से एक है, जो वर्ष में तीन बार आता है। उन्होंने कहा कि इन पावन दिनों में अधिक से अधिक संयम धारण करते हुए भगवान जिनेंद्र की आराधना और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभु भक्ति के बिना मानव जीवन अधूरा है। कार्यक्रम में जैन समाज के प्रधान मनोज जैन, महामंत्री निपुण जैन, अमित जैन, नवीन जैन, ललित जैन, सुधीर जैन, आर्जव जैन, पुष्पेंद्र जैन, शशांक जैन, भूपेंद्र जैन, अभिषेक जैन, अरिहंत जैन सहित समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजन एवं प्रवचन आयोजित किए जाएंगे।