Contact for Advertisement 9919916171


बिहार: गोवा ले जाते समय ट्रेन से गिरकर आरोपी की हुई मौत, परिजनों ने पुलिस पर लगाया धक्का देने का आरोप

- Photo by : social media

बिहार  Published by: Md Firoz Alam , Date: 28/07/2026 12:45:46 pm Share:
  • बिहार
  • Published by: Md Firoz Alam ,
  • Date:
  • 28/07/2026 12:45:46 pm
Share:

विस्तार

बिहार: कटिहार जिले के अमदाबाद थाना क्षेत्र के बैरिया गांव निवासी 26 वर्षीय युवक छोटू कुमार साह की गोवा पुलिस अभिरक्षा में ले जाते समय ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। घटना बखरी और काढ़ागोला रेलवे स्टेशन के बीच हुई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं घटना को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, गोवा में दर्ज चोरी के एक मामले में गोवा पुलिस बैरिया गांव के तीन युवकों छोटू कुमार साह, छोटू कुमार टांडा और संजीत कुमार की तलाश कर रही थी। तीनों युवक कुछ दिन पहले अपने गांव लौटे थे। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से गोवा पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया और उन्हें नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन से गोवा ले जाया जा रहा था।

इसी दौरान बखरी और काढ़ागोला रेलवे स्टेशन के बीच छोटू कुमार साह अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मामले को लेकर दो अलग-अलग दावे सामने आए हैं। गोवा पुलिस का कहना है कि युवक चलती ट्रेन से भागने का प्रयास कर रहा था और इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन से गिर गया। वहीं, मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों ने युवक को चलती ट्रेन से धक्का दिया, जिसके कारण उसकी मौत हुई। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद अमदाबाद थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार ने वीडियो कॉल के माध्यम से गोवा पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने मृतक के परिजनों से भी बातचीत की। थाना अध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।
 


Featured News