Contact for Advertisement 9919916171


छत्तीसगढ़: कक्षा 10वीं एवं 12वीं के जिला स्तरीय मेधावी विद्यार्थियों का कलेक्टर ने किया सम्मान

- Photo by : social media

छत्तीसगढ़  Published by: Prabhesh Mishra , Date: 04/05/2026 04:32:48 pm Share:
  • छत्तीसगढ़
  • Published by: Prabhesh Mishra ,
  • Date:
  • 04/05/2026 04:32:48 pm
Share:

संक्षेप

छत्तीसगढ़: जिले में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में सम्मानित किया।

विस्तार

छत्तीसगढ़: जिले में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में सम्मानित किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने सभी मेधावी विद्यार्थियों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त करते हुए उनकी रुचि के अनुरूप आगामी अध्ययन एवं कैरियर की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और उन्हे मार्गदर्शन प्रदान किया।  कक्षा 10वीं के मेधावी विद्यार्थी कक्षा 10वीं में जिला स्तर पर प्रथम स्थान स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय (सेजेस) भुवनेश्वरपुर, रामानुजनगर के छात्र अमन राम साहू ने 96.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर हासिल किया। द्वितीय स्थान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लटोरी, सूरजपुर की छात्रा राज कुमारी पैकरा ने 96.50 प्रतिशत के साथ तथा तृतीय स्थान शारदा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सतपता, सूरजपुर की छात्रा नरगिस फातिमा ने 95.83 प्रतिशत अंकों के साथ प्राप्त किया।


कक्षा 12वीं के मेधावी विद्यार्थी इसी प्रकार कक्षा 12वीं में सेजेस भुवनेश्वरपुर, रामानुजनगर के छात्र अभिषेक कुमार साहू ने 95.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। ग्लोबल पब्लिक स्कूल, सूरजपुर की छात्रा इफ्तेखारी फातिमा ने 95.00 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान तथा स्वर्गीय रतिराम पनिका जी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवनगर के छात्र अभिषेक कुमार ने 94.40 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान हासिल किया।

 हौसले की मिसाल बनीं दिव्यांग छात्रा कु. शीतला

कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायी क्षण उस समय आया जब शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवनगर की दिव्यांग छात्रा कुमारी शीतला को विशेष उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं की इस होनहार छात्रा ने अपनी शारीरिक चुनौतियों को मात देते हुए पैर से लिखकर 92.83 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जो उसके अदम्य साहस, कठोर परिश्रम एवं दृढ़ संकल्प का जीवंत प्रमाण है। कलेक्टर श्री जयवर्धन ने समाज कल्याण विभाग की ओर से कुमारी शीतला को क्षितिक्ष अपार संभावनाएं योजना के अंतर्गत दो हजार रुपये का चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शीतला की यह उपलब्धि जिले के समस्त विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है तथा यह सिद्ध करती है कि लगन और मेहनत के सामने कोई भी बाधा टिक नहीं सकती।

विद्यार्थियों को कलेक्टर का आत्मीय मार्गदर्शन

कलेक्टर श्री जयवर्धन ने सम्मानित विद्यार्थियों से उनकी अभिरुचि, भावी लक्ष्य एवं पसंदीदा विषयों के संबंध में आत्मीय संवाद किया तथा प्रत्येक विद्यार्थी को उसकी रुचि के अनुरूप उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में निरंतर अध्ययन, स्पष्ट लक्ष्य एवं अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि किसी भी विद्यार्थी की उपलब्धि के पीछे परिवार एवं गुरुजनों की निरंतर प्रेरणा एवं मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जिले के समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में यह कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री अजय कुमार मिश्रा, समाज कल्याण के उप संचालक आलोक भवाल, सहायक संचालक शिक्षा श्री रविन्द्र सिंह देव, जिला मिशन समन्वयक श्री मनोज कुमार साहू, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक गण एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कलेक्टर के हाथों सम्मानित होकर सभी विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक गौरवान्वित महसूस कर रहे थे तथा उन्होंने जिला प्रशासन की इस सकारात्मक पहल के प्रति आभार व्यक्त किया।