Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: अवैध देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 14/07/2026 11:02:47 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 14/07/2026 11:02:47 am
Share:

विस्तार

हरियाणा: जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए स्टाफ-2 भिवानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) सुभाष के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ-2 की टीम गांव लोहानी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि टीटानी बस अड्डे से केहरपुरा रोड की ओर पैदल जा रहे एक व्यक्ति के पास बिना लाइसेंस का हथियार मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार और कारतूस को कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरजीत पुत्र राजकुमार, निवासी गांव केहरपुरा, जिला भिवानी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह खेती-बाड़ी का कार्य करता है और उसने यह हथियार अपनी निजी सुरक्षा के लिए खरीदा था। हालांकि पुलिस आरोपी के इस दावे की भी जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से थाना जुई क्षेत्र में मारपीट और झगड़े से संबंधित तीन से चार मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने अवैध हथियार किससे खरीदा और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह तो शामिल नहीं है। इस संबंध में थाना जुई कलां में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया। भिवानी पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी सख्ती के साथ जारी रखा जाएगा तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


Featured News