Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा, सचिवालय में हाईटेक हॉल का हुआ उद्घाटन

 

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 14/07/2026 10:46:44 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 14/07/2026 10:46:44 am
Share:

विस्तार

हरियाणा: जिला सचिवालय हांसी को प्रशासनिक कार्यों में आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। सोमवार को विधायक विनोद भयाना ने उपायुक्त राहुल नरवाल की उपस्थिति में जिला सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय परिसर में लगभग 35.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर एसडीएम राजेश खोथ, सीटीएम हिमांशु चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक विनोद भयाना ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध बनाना है। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल के शुरू होने से जिला प्रशासन को आधुनिक कार्य वातावरण मिलेगा और शासन व प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रशासनिक ढांचे के आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। डिजिटल तकनीकों के बढ़ते उपयोग से न केवल कार्यों की गति तेज होती है, बल्कि समय और संसाधनों की भी बचत होती है। यह सुविधा जिला प्रशासन को राज्य और केंद्र सरकार के अधिकारियों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने में भी मदद करेगी। उपायुक्त राहुल नरवाल ने हॉल की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि 35.50 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए इस आधुनिक हॉल में एक समय में 50 अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। हॉल में चार बड़ी एलईडी स्क्रीन, अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रणाली, आधुनिक ऑडियो-विजुअल सिस्टम, उच्च गुणवत्ता वाले माइक्रोफोन और डिजिटल संचार सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से समीक्षा बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम और प्रशासनिक चर्चाएं उच्च गुणवत्ता के साथ आयोजित की जा सकेंगी।

उन्होंने बताया कि नई तकनीक से लैस यह हॉल अधिकारियों को बार-बार यात्रा किए बिना दूरस्थ बैठकों में शामिल होने की सुविधा देगा। इससे समय की बचत होगी और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं की समीक्षा अधिक प्रभावी तरीके से की जा सकेगी। उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने विधायक विनोद भयाना को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल की तकनीकी व्यवस्थाओं का अवलोकन कराया। विधायक ने उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह हॉल जिला प्रशासन की कार्यकुशलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और डिजिटल प्रशासन को नई मजबूती देगा। कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता उदयवीर झाझरिया, पुनीत मदान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। यह अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल भविष्य में जिला प्रशासन के लिए प्रभावी संवाद, त्वरित निर्णय और बेहतर प्रशासनिक समन्वय का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।
 


Featured News