Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: समाधान शिविर में डीसी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 14/07/2026 11:14:36 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 14/07/2026 11:14:36 am
Share:

विस्तार

हरियाणा:आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को हिसार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपायुक्त (डीसी) महेंद्र पाल ने विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक मामले का त्वरित, निष्पक्ष और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत दिलाना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। शिविर के दौरान गांव मात्रश्याम निवासी संतोष कुमारी ने जलघर से पानी की आपूर्ति न होने तथा रजिस्ट्री संबंधी कार्य के लिए कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर उपायुक्त ने संबंधित एसडीएम को तत्काल मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि शिकायतकर्ता को जल्द राहत मिल सके।

नगर परिषद बरवाला से जुड़े एक मामले में गली और चौक निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं, घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग और सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायत सामने आई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसी ने एसडीएम बरवाला को विस्तृत जांच कराने, दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई करने तथा जांच पूरी होने तक संबंधित भुगतान रोकने के निर्देश दिए। गांव पीरांवाली की स्वर्ण कौर ने अपने मजदूर पति की सड़क दुर्घटना के बाद समय पर उपचार न मिलने से हुई मौत और पुलिस द्वारा कथित रूप से परेशान किए जाने की शिकायत रखी। उपायुक्त ने इस मामले में पुलिस विभाग को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। इसके अलावा गांव आर्य नगर में बाढ़ के पानी की निकासी के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइन के निर्माण में आ रही बाधाओं को लेकर ग्राम पंचायत ने शिकायत दर्ज कराई। इस पर डीसी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर समस्या का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आदर्श कॉलोनी से आई शिकायत में पड़ोसियों द्वारा गली में पशुओं का बाड़ा बनाकर रास्ता अवरुद्ध करने और गंदगी फैलाने का मामला उठाया गया। इस पर नगर निगम अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर रास्ता खाली कराने और क्षेत्र में स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त महेंद्र पाल ने सभी अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रखी जाए और प्रत्येक मामले का गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी समाधान किया जाए। इस दौरान हिसार एसडीएम ज्योति मित्तल, जिला परिषद के सीईओ सुभाष चंद्र, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 


Featured News