Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: बिजली-पानी से लेकर अवैध कब्जों तक उपायुक्त महेंद्र पाल ने एक-एक शिकायत पर लिया बड़ा फैसला

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 04/08/2026 11:08:19 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 04/08/2026 11:08:19 am
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हिसार आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को हिसार के लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में प्रशासन की ओर से 'समाधान शिविर' का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उपायुक्त महेंद्र पाल ने की।

विस्तार

हरियाणा: हिसार आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को हिसार के लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में प्रशासन की ओर से 'समाधान शिविर' का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उपायुक्त महेंद्र पाल ने की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

शिविर में बिजली, पेयजल, अवैध कब्जे, सड़क निर्माण, राजस्व, मुआवजा, मोबाइल टावर और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। सेक्टर-21पी स्थित मेला ग्राउंड मार्केट के व्यापारियों ने सार्वजनिक शौचालय, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, पार्क, अतिक्रमण हटाने और सड़क मरम्मत की मांग रखी। इस पर उपायुक्त ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) और नगर निगम अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गांव नंगथला में जोहड़ और गांव सीसवाल में गली पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (DDPO) को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं राजगढ़ रोड से लाजपत नगर की ओर सड़क निर्माण में बाधा बन रहे बिजली के खंभे को हटाने के भी आदेश जारी किए गए।

राजस्व मामलों में गांव मैय्यड़ निवासी कर्मवीर सिंह को खरीफ फसल-2025 के तहत ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल से मुआवजा दिलाने, नलवा में लंबित इंतकाल और डाबड़ा में प्लॉट संबंधी राजस्व विवादों का शीघ्र निस्तारण करने के लिए जिला राजस्व अधिकारी और संबंधित तहसीलदार को निर्देशित किया गया। इसके अलावा गांव सीसवाल में घर के समीप लगे मोबाइल टावर को हटाने तथा नवदीप कॉलोनी निवासी को एक्सग्रेशिया सहायता का लाभ दिलाने से संबंधित मामलों में भी संबंधित विभागों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर बिना अनावश्यक देरी के उसका निपटारा सुनिश्चित किया जाए।  समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसडीएम ज्योति मित्तल, एएसपी सुनील कुमार, नगराधीश रोहित, डीडीपीओ नरेंद्र सिंह, एएमसी प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Featured News