Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: शेखपुरा गांव में जिले की पहली महिला लाइब्रेरी शुरू, बेटियों को मिलेगा पढ़ाई का बेहतर माहौल

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 24/08/2026 11:44:57 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 24/08/2026 11:44:57 am
Share:

संक्षेप

हरियाणा: शेखपुरा गांव में रविवार को महिलाओं और छात्राओं के लिए विशेष रूप से तैयार नव चेतना महिला लाइब्रेरी का उद्घाटन विधायक विनोद भयाना ने किया।

विस्तार

हरियाणा: शेखपुरा गांव में रविवार को महिलाओं और छात्राओं के लिए विशेष रूप से तैयार नव चेतना महिला लाइब्रेरी का उद्घाटन विधायक विनोद भयाना ने किया। इस मौके पर एसडीएम राजेश खोथ, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान, ग्राम सरपंच प्रदीप कुमार समेत प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक विनोद भयाना का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि महिला लाइब्रेरी की शुरुआत गांव की बेटियों और महिलाओं के लिए शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में छात्राएं शांत वातावरण में पढ़ाई करने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर सकेंगी।

विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों में प्रतिभा की कमी नहीं है। यदि उन्हें उचित मार्गदर्शन, पढ़ाई के लिए सुविधाजनक स्थान और परिवार का सहयोग मिले तो वे शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे बेटियों को नियमित रूप से लाइब्रेरी का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करें।

इस अवसर पर विधायक ने जिला प्रशासन और अधिकारियों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए ऐसी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। उन्होंने गांव के विकास से संबंधित मांगों पर भी सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

एसडीएम ने 21 पुस्तकें देने की घोषणा

एसडीएम राजेश खोथ ने महिला लाइब्रेरी के लिए अपनी ओर से 21 पुस्तकें उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने हिंदी और अंग्रेजी भाषा के एक-एक समाचार पत्र की व्यवस्था कराने की बात कही। उन्होंने ग्रामीणों और सामाजिक संस्थाओं से भी अपील की कि वे उपयोगी पुस्तकों का सहयोग करें, जिससे लाइब्रेरी में पढ़ने वाली महिलाओं और छात्राओं को अलग-अलग विषयों की सामग्री मिल सके।

उद्घाटन के बाद विधायक और एसडीएम ने लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने वहां मौजूद पुस्तकों, बैठने की व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पुस्तकालय को और सुविधाजनक बनाया जाए, ताकि छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान ने बताया कि जिले के अन्य गांवों में भी ‘नव चेतना महिला पुस्तकालय’ स्थापित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घिराय गांव में पुस्तकालय तैयार हो चुका है और जल्द उसका उद्घाटन किया जाएगा। वहीं नारनौंद में भी पुस्तकालय स्थापित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, महिलाओं और छात्राओं ने इस पहल का स्वागत किया। उनका कहना था कि गांव में लाइब्रेरी की सुविधा मिलने से छात्राओं को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में काफी मदद मिलेगी। इस अवसर पर राजपाल यादव, सुरजीत गुर्जर, अशोक कुमार, विनोद सैनी, सुभाष यादव, सरपंच प्रदीप कुमार, सचिन रवि अरोड़ा सहित कई अधिकारी, ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे।


Featured News