Contact for Advertisement 9919916171


मध्य प्रदेश: स्वास्थ्य विभाग का अभियान तेज, 196 बच्चे स्वस्थ होकर अस्पताल से घर लौटे

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Ashok Mahule , Date: 24/08/2026 12:36:03 pm Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by: Ashok Mahule ,
  • Date:
  • 24/08/2026 12:36:03 pm
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: बालाघाट जिले के बिरसा विकासखंड के कुंडेकसा, अडोरी, कोरका और बांदरी गांवों में मौसमी एवं अन्य बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।

विस्तार

मध्य प्रदेश: बालाघाट जिले के बिरसा विकासखंड के कुंडेकसा, अडोरी, कोरका और बांदरी गांवों में मौसमी एवं अन्य बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। इन क्षेत्रों में सर्दी-खांसी, बुखार, मलेरिया, दस्त और त्वचा संबंधी बीमारियों के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य टीमों को सक्रिय किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 22 अगस्त तक कुल 3,665 लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। जांच के दौरान मलेरिया के 299, दस्त के 151, शरीर पर दाने के साथ बुखार के 131 और चर्म रोग के 177 मरीज मिले। अलग-अलग बीमारियों से प्रभावित कुल 758 लोगों में से 541 मरीजों का उपचार घर पर ही किया गया।

वहीं 217 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया। इनमें से 196 मरीजों की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि 21 बच्चों का उपचार अभी अस्पताल में जारी है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक भर्ती बच्चों की स्थिति नियंत्रण में है और उन पर लगातार चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है। 22 अगस्त को भी 9 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया, जबकि एहतियात के तौर पर चार नए मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में बीमारी की स्थिति पर नजर रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 20 सर्वेक्षण टीमें तैनात की हैं। ये टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों की जांच कर रही हैं और संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध करा रही हैं। इसके अलावा चार पीएम जनमन एएमएमयू, 10 चिकित्सा अधिकारियों और चार एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में लगातार भ्रमण कर लोगों को साफ-सफाई, सुरक्षित पानी और मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा।