Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: नशे के खिलाफ पुलिस का जागरूकता अभियान, रैली और नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 24/08/2026 10:45:14 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 24/08/2026 10:45:14 am
Share:

संक्षेप

हरियाणा: फरीदाबाद पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सामुदायिक पुलिसिंग सेल, फरीदाबाद एवं ईएसआईसी अस्पताल फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में ईएसआईसी अस्पताल परिसर में नशा मुक्ति रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

विस्तार

हरियाणा: फरीदाबाद पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सामुदायिक पुलिसिंग सेल, फरीदाबाद एवं ईएसआईसी अस्पताल फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में ईएसआईसी अस्पताल परिसर में नशा मुक्ति रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए एकजुट करना रहा। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, ईएसआईसी अस्पताल के चिकित्सकों, पुलिस कर्मचारियों तथा आमजन ने भाग लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने, युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ईएसआईसी अस्पताल के चिकित्सकों की टीम ने उपस्थित लोगों को नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। चिकित्सकों ने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करने के साथ-साथ उसके पारिवारिक जीवन, सामाजिक संबंधों और भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। चिकित्सकों ने विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, रोजगार, कौशल विकास तथा अन्य सकारात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समय रहते नशे से बचाव के लिए जागरूकता पैदा करना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम में एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे की लत से होने वाले व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक नुकसान को दर्शाया गया। प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को समझाया गया कि नशे की आदत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित नहीं करती, बल्कि परिवार की खुशहाली और समाज के वातावरण पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ता है। नाट्य प्रस्तुति के समापन के बाद जागरूकता रैली आयोजित की गई। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने लोगों से नशे से दूरी बनाए रखने की अपील की और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।


डीएसपी रेलवे राजेश ने भी कार्यक्रम में भाग लिया, जिन्होंने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है। इसके खिलाफ केवल पुलिस या स्वास्थ्य विभाग के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा, खेल तथा अन्य सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि युवा नशे की गिरफ्त में आने से बच सकें।

निरीक्षक सुनीता, प्रभारी सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद ने कहा कि नशा मुक्ति की दिशा में जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण कदम है। सामुदायिक पुलिसिंग सेल द्वारा विभिन्न सरकारी विभागों, सामाजिक संस्थाओं और संगठनों के सहयोग से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें नशा मुक्त समाज बनाने के अभियान से जोड़ना है। उन्होंने युवाओं और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने आसपास नशे से संबंधित गतिविधियों के प्रति सजग रहें और जरूरत पड़ने पर पुलिस एवं संबंधित विभागों को इसकी सूचना दें।

आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की भी दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम ने उपस्थित लोगों को विभिन्न आपातकालीन एवं सहायता हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग कर समय पर सहायता प्राप्त की जा सकती है। इस दौरान डायल-112, चिकित्सा आपातकाल-108, ट्रैफिक हेल्पलाइन-1073, साइबर अपराध हेल्पलाइन-1930, एनएचएआई सहायता-1033, आपदा प्रबंधन-1070/1077, मानस हेल्पलाइन-1933, महिला एवं बाल सहायता हेल्पलाइन-181/1098 तथा महिला हेल्पलाइन-1091 के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को ट्रिप मॉनिटरिंग सर्विसेज (TMS) के बारे में भी जागरूक किया गया।

नशे से दूर रहने का लिया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, आसपास के लोगों और समाज को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का संदेश दिया। पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों से अपील की कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग करें और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित करें।


Featured News